साहित्य चक्र
Showing posts with label हिंदी लघुकथा. Show all posts
Showing posts with label हिंदी लघुकथा. Show all posts

07 August 2026

लघुकथा- ममता






बात उन दिनों की है जब मैं बीएससी पार्ट वन में था। मेरा एडमिशन ज़रूर बुंडू कॉलेज में था लेकिन मैं रांची में लॉज में रहकर पढ़ाई करता था। चूंकि बचपन से मेरी परवरिश नाना के यहां हुई है तो अक्सर अपने घर से ज्यादा नाना घर ही आना-जाना होता था। यूं तो नाना घर वाले गांव से डायरेक्ट रांची के लिए काफ़ी सारी बसें चलती थीं लेकिन फिर भी सिल्ली से रांची तक ट्रेन का सफ़र न केवल स्टूडेंट होने के नाते सस्ता था बल्कि इस रूट की विहंगम प्राकृतिक छटा हर बार सफ़र को एक नया और रोमांचक अहसास प्रदान करता था।

इस रूट पर पहाड़ काटकर बनाए गए सुरंगनुमा रास्ते, दूर-दूर तक फैले अथाह साल के जंगल और पहाड़ियां, छोटी-छोटी नदी-नाले और बीच के छोटे-छोटे रेलवे स्टेशन किसी का भी मन मोह लेने को पर्याप्त थे। सिल्ली से रांची तक का भाड़ा मात्र ग्यारह रुपए ! सिल्ली एक छोटा सा शहर है और उस लिहाज़ से यहां का रेलवे स्टेशन भी काफ़ी साधारण सा था। गिनी-चुनी ट्रेनें ही यहां रुकतीं थीं इसलिए प्लेटफॉर्म पर उन दिनों एकाध छोटे-छोटे यात्री शेड और इक्के-दुक्के फल,खीरे और भुंजे बेचने वाले ही दिखते थे।

हमेशा की तरह उस दिन मैं जल्दी-जल्दी तैयार होकर रांची जाने के लिए पौने दस बजे स्टेशन पहुंच कर टिकट लेकर प्लेटफॉर्म पर दाखिल हो गया। टाटा-रांची मेमू पैसेंजर का समय दस बजकर दस मिनट था इसलिए मैं रिलेक्स होने के लिए प्लेटफॉर्म पर ही एक जामुन के पेड़ के नीचे बने चबूतरे पर बैठ गया। अभी बैठकर दस मिनट ही हुए थे कि अनाउंसमेंट हुआ कि हमारी ट्रेन डेढ़ घंटे लेट है। मेरे चेहरे पर हल्की सी उबासी आ गई क्योंकि एक तो ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में तैयार नाश्ते को भी छोड़ कर आया था ऊपर से डेढ़ घंटे प्लेटफॉर्म पर टहलकर बोर होना पड़ता।






उन दिनों हम जैसे छात्रों के पास स्मार्टफोन भी नहीं थे कि रील्स घिसकर या फ्री फायर में धड़ाम-धूड़ूम कर टाइम पास कर सकूं। छोटा की-पैड फ़ोन ज़रूर था लेकिन उससे होगा क्या ? कोई गर्लफ्रेंड भी तो नहीं थी ! अचानक मेरी नज़र उसी जामुन के नीचे बने चबूतरे पर बैठकर चने,भुंजे और मूंगफली बेचती एक लड़की पर पड़ी। अक्सर उस जगह एक अधेड़ व्यक्ति बेचा करता था लेकिन आज़ उसकी जगह लड़की को बैठे देख कर मामूली सा प्रश्न भी मन में उठा। मैं सोचा भूख भी लग रही है तो इससे ही कुछ खरीदकर खा लेता हूं तो खाते-खाते टाइम पास हो जाएगा। मैंने दस का नोट उसकी ओर बढ़ाते हुए कहा कि झालमूढ़ी बना दो। वो मुझसे पैसे लेकर चुपचाप झालमूढ़ी बनाने लग गई।

उसकी मासूमियत और खुबसूरती को मैं एकटक निहारते हुए सोचा कि कुछ बातें इसी से कर लेता हूं। पूरा इंटरमीडिएट बिना कॉलेज गये,बिना लड़की पटाए गुज़ार दिया था तो आज़ इसे देखकर मेरे लड़कपन की भावना थोड़ी-सी जाग गई। मैंने उससे पूछा -"तेरी जगह यहां जो बेचते हैं वो तुम्हारे पापा हैं क्या ?" उसने धीरे से कहा-"हां !" मैंने आगे पूछा कि "आज़ तुम क्यों बैठी हो ? तुम पढ़ाई नहीं करती क्या ?" उसने झालमूढ़ी का ठोंगा मेरी ओर बढ़ाते हुए कहा-"पापा बाहर गए हैं तो यही हमारे पैसे कमाने का जरिया है तो मैं ही खोलती हूं अभी।

और बगल के स्कूल में पढ़ाई भी करती हूं। दसवीं का टेस्ट हो चुका है इसलिए अभी स्कूल नहीं जाना पड़ता है।" वो एक सांस में सबकुछ बोलती चली गई। उसके बात करने का अंदाज और उसकी मासूमियत मेरे दिल को छू गई। मैं झालमूढ़ी लेकर उसी के बगल में बैठ गया और इधर-उधर की बातें करने लगा। वो अपना काम भी कर रही थी और मुझसे बातें भी। उसने अपना नाम ममता बताया।बीच-बीच में कुछ और भी लड़के आकर कुछ खरीदने के बहाने उसे लाइन मार रहे थे। पता नहीं मुझे उन लड़कों से एक अजीब-सी चिढ़ हो रही थी,लग रहा था वो सिर्फ़ मुझसे ही बातें करे।

उसने मेरे में भी पूछा तो मैंने भी उसे सारी बातें बता दीं। बातों ही बातों में कब ट्रेन आने का वक्त हो गया मुझे पता ही नहीं चला। जब सचमुच ट्रेन आने वाली थी तो उस वक्त पता नहीं क्यों मुझे उसका साथ छोड़ कर जाने का मन नहीं कर रहा था,पर जाना तो था। मैं भारी मन से अपना बैग उठाया और कहा-"चलता हूं अब !" उसने मुस्कुराते हुए कहा- "आपसे बातें कर अच्छा लगा। फिर कब लौटना है ?" मैंने कहा-"पता नहीं !" ट्रेन प्लेटफॉर्म पर लग चुकी थी। चूंकि वहां ट्रेन सिर्फ एक मिनट के लिए ही रूकती थी तो मैं जल्दी से ट्रेन पर चढ़ गया।





चढ़कर मैं सीट की ओर नहीं जाकर गेट पर ही खड़ा होकर उसकी ओर ताकने लगा। वो लगातार मेरी ओर देख रही थी और साथ ही मुस्कुरा भी रही थी। अचानक ट्रेन खुली और धीरे-धीरे बढ़ने लगी तो जो कुछ हुआ मैं अवाक रह गया। जो काम एक लड़के को करना चाहिए वो काम वही कर गई ! मैं उसे जाते हुए भी बाय करने से आदतन डर रहा था कि वही पहले बाय कहकर मुस्कुराते हुए हाथ हिला दी। मैं भीतर से मस्ती में सराबोर हो गया और मैंने भी दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे स्टाइल में मुस्कुरा कर बाय कर दिया। ट्रेन खुलने से लेकर उसके बाय करने तक के छोटे-से लम्हे में हमारी आंखों की भाषा में जो बातें हुईं,उस पर एक और कहानी लिखी जा सकती है।

मैं थोड़ा संतोष और थोड़ी-सी उदास भावना लिए सीट पर जाकर बैठ गया। आज़ किता,गौतमधारा,गंगाघाट स्टेशनों की खुबसूरती में कुछ नयापन था। आज़ रास्ते की सुरंगों, जंगलों और नदियों के नजारे कुछ और ही थे। मैं उसी के ख्यालों में कब रांची पहुंच गया पता ही नहीं चला। इस वाकये के बाद काफ़ी बार नाना घर आना-जाना हुआ। लेकिन महज़ एक-दो बार ही उसका दीदार हुआ। उस वक्त उसके घर पर किसी का कोई फोन नहीं था कि नंबरों का आदान-प्रदान हो।

बस इन दो-तीन मुलाकातों में जो दो-चार बातें हुईं और आंखों से हुईं अनगिनत बातें ! इसके अलावा कभी न मेरी ओर से इज़हार हुआ और न ही उसकी ओर से ! कुछ महीनों बाद मैं अपने गांव चला गया। अब सिल्ली से रांची सफ़र का सिलसिला भी बंद हो गया था। वो कहां गई ये जानने का न जरिया मेरे पास था और न ही मैंने कोशिश की। पर जो भी हो ! वो छोटी-सी कहानी आज़ भी ज़ेहन में कभी-कभार आ ही जाती है। दुआ करूंगा कि जहां भी रहे वो बहुत खुश रहे।।


- कुणाल





26 October 2025

छठ पूजा में घर


यह कहानी तीन भोजपुरी दोस्तों की है जो अलग-अलग शहरों से एक शहर में रहते हैं और काम करते हैं। कल्लू गोरखपुर से, भुअर छपरा से और रघु बक्सर से हैं जो दिल्ली एनसीआर की अलग-अलग कंपनियों में काम करते हैं। वे लगभग तीन साल से एक ही रूम में साथ रहते हैं और भोजपुरी बोलने वाले हैं, इसलिए उनकी दोस्ती और रूम पार्टनरशिप भी है। दिन भर ड्यूटी करने के बाद वे शाम को रूम पर आ जाते हैं। तीनों खुशमिजाज और मिलनसार हैं।




कंपनी से निकलने के बाद वे टेम्पो से अलग-अलग जगहों से एक चौराहे पर पहुंचते हैं और फिर तीनों लोग साथ होकर बस से अपने रहने वाले एरिया तक पहुंचते थे। यह उनकी रोज की दिनचर्या है। एक दिन चौराहे पर दो लोग पहुंच गए, लेकिन रघु को आने में देर हो गई।

कुछ देर बाद वह भी उदास दिखते हुए आता दिखाई दिया। कल्लू ने भुअर से कहा, "हरदम मुस्कराने वाले रघु को क्या हो गया है? वह उदास और धीरे-धीरे नीचे सर किए आ रहा है।"

भुअर ने पूछा, "क्या हुआ है, कुछ बात है तो बताओ हमें भी... कंपनी में कुछ हुआ है या घर में कुछ हो गया है, बोल... बोल ना भाई।"

रघु ने कहा, "कुछ नहीं हुआ है भाई... चलो रूम पर बताता हूं..."

बस में बैठने के बाद पूरे रास्ते किसी ने कुछ नहीं बोला। रूम पर पहुंचकर मुंह हाथ धोने के बाद तीनों बैठ गए। कल्लू ने कहा, "क्या हुआ है, कुछ बताओगे...हमें भी। क्यों उदास हो बताओगे भी कि हमें भी टेंशन में रखोगे... बताओ क्या हुआ है...।"





रघु ने बताया, "भाई, कंपनी से निकलने के बाद टेम्पो में बैठा था, तभी घर से फोन आ गया... सरदार जी जो टेम्पो चलाते थे, उन्होंने भी सुना... बात खत्म होते ही छठ के शारदा सिन्हा जी का गीत बजा दिया... छठ गीत सुनकर रोना आ गया, आंखें डबडबा गईं... सरदार जी ने कहा, 'छठ नजदीक है, घर जाने की छुट्टी कब लोगे हो बिहारी बाबू... मैं भी पटना साहिब का ही हूं...'

टेम्पो के सीसे में चेहरा का भाव देखकर उन्होंने हमसे पूछ लिया, 'बहुत जल्द जाएंगे सरदार जी...'

यह कहकर टेम्पो छोड़ दिया और घर जाने की बात छठ जैसे पर्व में सुनकर मन और दुःखी हो गया लगा अब जितना जल्द छठ पर घर पहुँचे, बिहारी है न भाई। आज छुट्टी का आवेदन ऑफिस में दिया भी है, देखो क्या होता है। छुट्टी मिलेगा तो छठ में जाऊंगा भाई... लगभग 10 महीने हो गए हैं घर से आए हुए ...।"

यह सुनकर भुअर ने भी उदासी भरे आवाज में कहा, "मुझे भी लगभग साल भर हो गया है घर गए हुए। कभी-कभी सोचता हूं कि अगर बिहार में ही रोजगार होता तो मुझे दिल्ली एनसीआर में नहीं आना पड़ता... भले कम पैसे मिलते, लेकिन पर्व में घर पहुंच जाता आसानी से...।"

कल्लू ने भी अपने आँशुओं को चेहरे से हटाते हुए कहा, "मैं भी अगली छठ में नहीं गया था घर... क्या करें भाई, उत्तर प्रदेश और बिहार के एमपी, एमएलए सोते रहते हैं... अपने से मतलब है उन लोगों को... और जनता भी जातिवाद से ऊपर उठकर रोजगार के लिए वोट करे तो सरकार को भी समझ आए... लेकिन क्या करें, सोचने से क्या होता है, जब तक जनता जागेगी नहीं, तब तक पलायन जारी रहेगा भाई।"






रघु ने लम्बा सांस लेते हुए कहा, "अबकी छुट्टी मिले या न मिले, मैं छठ में घर जाऊंगा...तो जाऊंगा... बताओ, पूरा बिहार जो घर दिवाली में विभिन्न लाइट एवं फूलों से सजाता है, छठ के बाद ही उतारता है... उसकी खुशी... माँ के हाथ का छठ में बना ठेकुआ प्रसाद...जिसका कोई जवाब ही नहीँ, सब साथी, परिवार के सदस्यगण की उपस्थिति... और सबसे मिलने की खुशी... और साथ में मिलकर लिट्टी चोखा बनाना... छठ गीत से गुलजार पूरा बिहार... यह सब सोचकर इतना याद आया है कि अब पक्का घर छठ में पहुंचूंगा चाहे कुछ भी हो... तब जाकर दिल को शुकुन मिलेगा भाई...।"

तीनों दोस्त एक ही स्वर में बोले, "छठ जैसे महापर्व में घर किसी भी हाल में पहुंचेंगे... बोलो जय छठी मईया..."

यह कहकर हंसते हुए घर पहुंचने की तैयारी में तीनों दोस्त लग गए...


- राघवेंद्र प्रकाश 'रघु' / बक्सर, बिहार



25 September 2025

व्यंगात्मक लघुकथा- काला कुत्ता



आज कल लोगो का शौक अजब गज़ब होते जा रहा है। गाय पालने वाले घरों में कुत्ते पाले जा रहे है। बड़े शान से उसका दाम भी बताया जा रहा है, 12000 का हैं, 14000 का है। अपने बिहार की राजधानी पटना से लिए, मैंने भी ऐसे ही उनकी थोड़ी प्रशंसा कर दी। मतलब भाई जी को फूला दिया। कुत्ता तो कुत्ता है भाई जी एकदम कुचु कुचु टहकार करिया। बहुत स्मार्ट लुक लग रहा है। इसका कोई जवाब नहीं है।





इतना सुनते ही पूछिए मत फिर क्या था। अंग्रेजी और हिंदी यानी हिंगलिश में उसका खाना पखाना तक चर्चा का विषय बना दिया और लगा हमको पकाने, फिर क्या मैं भी भोजपुरीया हिंदी में जम्हाई लेते लेते कुछ देर लपेटता रहा। मन ही मन सोचता रहा, बताइए भला दिन भर जो नशा में चूर रहता हो।

माँ बाप का एकलौता बारिश हो। खाने पीने में शुद्ध से ऊपर शाकाहारी हो। घर का खर्चा की बात ही नहीं करनी मुझे। पढ़ने-लिखने में कलक्टर को भी शर्मिंदा करता हो। ओ आज कुत्ते की डाइट पर लेक्चर दे रहा हो, तो मन का प्रसन्न होना लाजमी ही होगा।

ओ भी तब जब भाई जी के मुखारबिन्द से कुत्ते जैसे जानवर को डाइट मे रोज केला, सेब, दूध-भात और पियोर शाकाहारी खिलाने की बात सुननी पड़े। ध्यान दीजियेगा रोज मतलब प्रतिदिन, तब-जब कृषि की पढ़ाई के समय
एनिमल हस्बेंडरी वाले सर से बातों बातों में कुत्ते की भी चर्चा सुन चूका हूँ।
कि कुत्ता जानवर मांसाहारी होता है, के आलावा गप गप अंडा मास खाते कुत्ते, ओ करिया हो या सफ़ेद या चितकबरा कुत्ता मतलब कुत्ता। जिसको देखता भी हूँ आप लोग भी देखें ही होंगे। ये आशा नहीं पूर्ण विश्वास है जी। हसीं और गुस्सा दोनों आ रहा था।






मग़र कर भी कुछ नहीं सकता था। इतने तारीफ पे तारीफ सुनने के बाद ओ बेचारा काला कुत्ता मेरे गली में छेरते हुए यानी पतला पोट्टी करते हुए अपने आवास कि तरफ अपने मालिक के साथ प्रस्थान करने लगा। मैं भी चैन की सांस लेने ही वाला था कि ध्यान आया कि कांड कर गया कुत्ता, मेरे ही गली में मेरे दरवाज़े के पास ही ओ काला कुत्ता लिक्विड फॉर्म में हग चूका है।

मैं गलियों को गालियों के साथ धोने कि सोचने लगा ताकि कल सुबह किसी अपनों के पैरो का श्रृंगार न हो जाए और फिर मैं धोने लगा। अब बस जा रहा हूँ स्न्नान करने गाय पालने वाले कुत्ते पर आ जाए, तो आप भी अचंभित ना होइएगा।

आपकी गली में आपके दरवाज़े पर भी ये सॉलिड या लिक्विड फॉर्म में सुबह-सुबह मिल सकता है। बी अलर्ट क्योंकि मेरा प्रैक्टिकल अनुभव है जी धोने का धोने का हा.. हा.. हा.. हा..


- राघवेंद्र प्रकाश 'रघु' / बक्सर, बिहार



11 August 2025

लघुकथा: साल 3032 में शायद


साल 3032 के उस दिन विश्व स्नेह नियंत्रण केंद्र ने तात्कालिक घोषणा की कि 'नागरिकों ध्यान दो। सालों पहले कोई मानवता नाम का वायरस था, जो फिर से जाग्रत हो गया है। यह मानवता एक भयानक बग है, जो आपके शरीर के सिस्टम में अचानक प्रकट होता है और फिर मनुष्य अजीब हरकतें करने लगता है। अगर अचानक कोई व्यक्ति किसी के दुख में उसकी मदद के लिए भागता दिखाई दे तो समझ लीजिए कि वह इस वायरस का शिकार हो गया है।'





इस वायरस के लक्षण अनदेखा नहीं किए जा सकते हैं। इसके लक्षण हैं किसी को रोते देख कर आपकी आंखों का नम होना, जरूरतमंद व्यक्ति को देख कर अपनेआप हाथ का जेब की ओर बढ़ जाना, किसी की तकलीफ सुन कर उसकी मदद के लिए तलब लगना, किसी की गलती के लिए उससे बदला लेने के बजाय उसे माफ कर देने की इच्छा होना और अगल-बगल से गुजर रही गाय और कुत्ते को डंडा या लात मारने का मन न होना।

इसमें किसी भी तरह का बदलाव आप खुद में या घर के किसी भी सदस्य में अनुभव करें तो तत्काल नजदीक के मानवता नियंत्रण केंद्र से संपर्क करें। हमारे वैज्ञानिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से इस मानवता का एंटीडाॅट बनाने में लग गए हैं। प्रधानमंत्री की ओर से घोषणा की गई है कि जैसे ही किसी व्यक्ति में मानवता के गुण दिखाई दें, तुरंत उससे दूर हट जाएं, उसे अकेला छोड़ दें।


हमारी खुफिया एजेंसी का मानना है कि यह वायरस भारत नाम के देश से फैला है। सामान्य जनता से निवेदन है कि वह चिंता न करे। सोशल डिस्टेंस रखे। किसी की ओर देख कर भूल से भी न मुसकराएं, प्यार और सरलता का अनुभव होते ही तत्काल उसे नष्ट कर दें। दिन में तीन बार बिना वजह झगड़ा करते रहें या किसी निर्दोष को बिना वजह नुकसान पहुंचाते रहें।

जब तक एंटीडाॅट की खोज नहीं हो जाती, तब तक 'लुच्चईसीटामोल' और 'स्वार्थोमाइसीन' की खुराक बारबार लेते रहें। याद रखिए मानवता से जीवन सुधर सकता है। इसलिए इससे सतर्क रहें।


- वीरेंद्र बहादुर सिंह




30 April 2025

लघु कथा- घूंघट


मैं टैक्सी में बैठी अपने गंतव्य की ओर जा रही थी। दूर सड़क के किनारे एक महिला अपने एक हाथ में दूध की बरनी लटकाए हुए और दूसरे हाथ से बार - बार अपने घूंघट को खींच रही थी। 





शायद सड़क पार करने का इंतजार कर रही थी। देखने में वह महिला अधेड़ उम्र से थोड़ा ज्यादा ही लग रही थी। उसे देख मुझे ख्यालल आया कि घूंघट की ओट तो छोड़ो, शायद इस उम्र में कुदरती आंखों से भी कम दिखना आम बात होगी। 

उसी उधेड़बुन में टैक्सी उसे पीछे छोड़ आगे निकल गयी और मैं अपने काम में व्यस्त हो गई। अगले दिन अखबार में एक कोने में छपी खबर ने मुझे झकझोर दिया। 

ख़बर थी, "तेज रफ़्तार ट्रक ने अधेड़ महिला को कुचला, अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज।" मुझे बार-बार सड़क किनारे घूंघट में खड़ी महिला का ध्यान आ रहा था।


                                                        - कंचन चौहान, बीकानेर




21 January 2025

दयालुता का दीपक संदेश

हरी-भरी पहाड़ियों के बीच बसे एक शांत और सुरम्य गाँव में एक वृद्धा रहती थीं, जिन्हें सभी स्नेह से "अम्मा" कहते थे। अम्मा अपनी मुस्कान, निस्वार्थ सेवा और अद्भुत पकवान बनाने के लिए प्रसिद्ध थीं। उनके स्नेहपूर्ण स्वभाव के कारण गाँव के लोग उन्हें अपने परिवार का हिस्सा मानते थे।

एक दिन गांव में एक नया लड़का आया, जिसका नाम राहुल था। राहुल एक तेज-तर्रार और जिज्ञासु लड़का था, लेकिन उसकी शरारतें उसे अक्सर मुसीबत में डाल देती थीं। वह बच्चों के साथ मज़ाक करता और लोगों को परेशान करता। राहुल की चंचलता से गाँव वाले परेशान हो गए थे।




एक दिन अम्मा ने राहुल को ध्यान से देखा और उसकी शरारतों के पीछे छिपी चमक और उत्साह को महसूस किया। उन्हें विश्वास था कि यह ऊर्जा सही दिशा में लगाई जाए तो राहुल एक बेहतरीन इंसान बन सकता है। एक दिन, जब राहुल शरारत के बाद परेशान होकर पेड़ के नीचे बैठा था, तब अम्मा ने उसे अपने पास बुलाया।

अम्मा ने राहुल को अपने हाथों से बनी मिठाई दी और धीरे-धीरे उससे बातें करना शुरू किया। उन्होंने उसे कहानियाँ सुनाई। इसके बाद हर दिन अम्मा राहुल को कुछ नया सिखाती। कभी किसी बूढ़े किसान की मदद करना, तो कभी किसी घायल पक्षी का उपचार करना।

शुरू में राहुल ने अम्मा की बातों को हल्के में लिया, लेकिन धीरे-धीरे अम्मा की दयालुता और स्नेह ने उसका दिल जीत लिया। वह अब अम्मा के साथ समय बिताने लगा और उनके दिए हर छोटे-बड़े कार्य को एक चुनौती की तरह लेने लगा। धीरे-धीरे राहुल ने महसूस किया कि दूसरों की मदद करना कितना संतोषजनक हो सकता है।

समय के साथ, राहुल में बदलाव आने लगा। अब वह अपने दोस्तों के प्रति दयालु, बड़ों के प्रति आदरपूर्ण और जरूरतमंदों के प्रति सहानुभूति रखने लगा। राहुल की शरारतें एक नए रूप में बदल गयीं। वह बच्चों को हँसाने और गाँव के कामों में मदद करने के लिए अपनी चतुराई का उपयोग करने लगा। इससे राहुल ने गांव वालों का दिल जीत लिया।

गाँव वाले राहुल के इस बदलाव को देख कर आश्चर्यचकित थे। क्योंकि उन्होंने राहुल में एक नई ऊर्जा और सच्चाई देखी, जो पहले उनके लिए सिर्फ एक उपद्रवी था। एक दिन, गाँव के लोग अम्मा के पास गए और राहुल में आए इस अद्भुत बदलाव के लिए उनका धन्यवाद किया।

अम्मा मुस्कुराईं और बोलीं- "हर बच्चे में अच्छाई छिपी होती है। उसे बाहर लाने के लिए प्यार और धैर्य की जरूरत होती है। एक दीपक से दूसरा दीपक जलाने में कभी प्रकाश कम नहीं होता है।"

उस दिन के बाद, राहुल को "गाँव का दीपक" कहा जाने लगा। राहुल ने गाँव के हर व्यक्ति के जीवन में उजाला भरने का काम किया। और यह सब उस स्नेहमयी अम्मा की वजह से संभव हो पाया, जिन्होंने अपनी दयालुता से न सिर्फ राहुल का जीवन बदला, बल्कि पूरे गाँव को एक नया संदेश दिया।


                                 - दीपक कोहली

11 January 2025

चार पैसे वाला गणित

हमारे समय में 11वीं में बोर्ड की परीक्षा के बाद में ही कालेज दाखिला होता था । इसलिये नवीं में ही विज्ञान , वाणिज्य या कला संकाय में से एक पर सोच विचार कर निर्णय करना आवश्यक होता ताकि तीन साल बाद यानि ग्यारहवीं के बोर्ड परीक्षा बाद स्नातक वाली पढ़ाई  उसी अनुरूप से पूरी की जा सके । सो मेरे प्रधानाध्यापक जी ने आठवीं में गणित वाले अच्छे परिणाम स्वरूप, मेरे बड़े भाई को समझा कर विज्ञान संकाय में मेरा दाखिला का आवेदन ले लिया । 

दस ग्यारह माह पश्चात एक दिन मेरी विज्ञान वाली पुस्तकों को देख पिताजी के ध्यान में आया कि मैं तो विज्ञान संकाय ले रखा है, सो विफर पड़े और कह दिया कि विज्ञान अपने काम की नहीं। वाणिज्य संकाय से पढ़ाई करनी है। ध्यान रखना चार पैसे जब पास में होंगे तभी यह दुनिया तुम्हारी  कद्र करेगी । इसलिये चार पैसे कमाने पर ध्यान देना है। उस समय तो मैं यही समझा कि पढ़ाई के साथ कमाने का समझा रहे हैं। 






लेकिन बाद में जब मैंने अपने परिवार के सम्बन्धियों के यहाँ भी बड़े बुजुर्गों को डाँट कर अपने से छोटों को कहते सुना  कि चार पैसे कमाने अक्ल नहीं है। देर तक सोने में मन तो लगता है न ? तब चार पैसा वाली बात सुन बड़ा ही आश्चर्य हुआ और यह चार पैसा वाली गुत्थी को समझनें की ललक जागी । 

इसी बीच रास्ता पार करने के लिये जब सड़क पर खड़ा था तभी बगल में खड़े दो दोस्त आपस में बात कर रहे थे जहाँ एक कह रहा था "सारी जिंदगी निकली जा रही है, कमाने में लेकिन अभी तक चार पैसे नहीं जुटा पाया हूँ", फिर जबाब में दूसरे ने कहा "जब पढ़ने नहीं दिया हमें,  इस ज़माने ने, तो लगादी पूरी ताकत अपनी, हमने चार पैसा कमाने में"। यह वार्तालाप जब कान मे पड़ा जिसमें फिर चार पैसा सुनने मिला तब अपने घर पर पढ़ाने वाले शिक्षक से इस को समझाने का आग्रह किया । 

उन्होंने मुझे बताया कि उपरोक्त सभी में चार पैसा का प्रयोग एक कहावत की तरह हुआ है। फिर उन्होनें कहावत के बारे में बताते हुये बताया कि कहावतें प्रायः सांकेतिक रूप में होती हैं यानि वो वाक्यांश जो  "जीवन के दीर्घकाल के अनुभवों को छोटे वाक्य में कह कर आपको समझा देती हैं।"

इसके बाद उन्होनें यह भी बताया कि 'चार' शब्द से हमारे यहाँ अनेक मुहावरे बहुत ही प्रयोग में लाए जाते हैं जैसे चार पैसे कमाओगे, तब समझ में आयेगा.. के अलावा  चार लोग क्या कहेंगे....,  चार दिन की चांदनी फिर अंधेरी रात...

चार सौ बीसी करना....,  वगैरह वगैरह। उन्होनें यह भी बताया कि अनेक तरह के अर्थों को समझाती अनेक कहावतें हमारी संस्कृति में उपलब्ध है। मैं एक एक कर सभी का मतलब समझा दूँगा।लेकिन अभी चार पैसे कमाओगे, तब समझ में आयेगा.. वाले  अखाणे [कहावत] का मायने विस्तार से समझ लो । उनके द्वारा समझाया गया मतलब को मैं यहाँ आप सभी पाठकों के साथ सांझा कर रहा हूँ जो इस प्रकार है - 

उन्होनें यह चार पैसे कमाओगे, तब समझ में आयेगा.. वाले  अखाणे [कहावत] का मतलब विस्तार से समझाया ।  उसी को मैं यहाँ आप सभी पाठकों के साथ सांझा कर रहा हूँ जो इस प्रकार है - 

पहला पैसा को कुँए में डालना ...मतलब.."अपने परिवार के पेट रूपी कुँए में डालना होता है अर्थात अपना तथा अपने परिवार पत्नी, बच्चों का भरण-पोषण करना, पेट भरने के लिए।"

दूसरे पैसे से पिछला कर्ज उतारना...मतलब.."माता पिता द्वारा किए गए हमारे पालन-पोषण वाला  क़र्ज़ उतारने के लिए... यानि  उनकी सेवा के लिए दूसरा पैसा है।"

तीसरे पैसे को आगे क़र्ज़ देना है ...मतलब.."अपनी संतान को पढा़ लिखा कर योग्य [क़ाबिल] बनाने के लिए ताकि वो भी आगे वृद्धावस्था में आपका ख़्याल रख अपना कर्ज उतार सकें..."

चौथा पैसा को संभाल...मतलब.."आड़े वक्त के लिए जमा करने के लिए होता है,अर्थात शुभ कार्य करने के लिए दान, सन्त सेवा, असहायों की सहायता करने के लिए, यानि निष्काम सेवा करना, क्योंकि हमारे द्वारा किए गये इन्ही शुभ कर्मों का फल हमें इस जीवन के बाद मिलने वाला है। याद रखें हमारे सनातन धर्मानुसार दान दक्षिणा की तरह और भी शुभ कार्यों जैसे सत्कर्मों का फल हमें अगले जन्म में मिलता है।

अन्त में उपरोक्त वर्णित का निष्कर्ष यही है कि इस कहावत में  चार पैसे का मतलब सम्पूर्ण धन से है और उसके चार  हिस्सों को जिंदगी में कैसे उपयोग करना है या उनका जिंदगी में क्या महत्व है, कैसे खर्च करें, किस किस मद में खच करें, को समझ लेना है। ध्यान रखें यदि आपने तीन हिस्से किये तो ऊपर समझाये गये सारे कार्य सुचारु रूप से पूरे नहीं कर पायेंगे और चार हिस्से के बाद पाँचवे हिस्से की ज़रूरत ही नहीं है..!! 

अतः उपरोक्त वर्णित कार्यों को सही ढंग से पूर्ण करने के लिये हमें हमारे धन को चार हिस्सों में विभाजित करना आवश्यक होता है । इस तरह ऊपर उल्लेखित तथ्यों को ही संक्षिप्त में लोकोक्ति के रूप में  चार पैसे कमाओगे, तब समझ में आयेगा.. कह कर सामने वाले को चार पैसों का गणित समझा दिया जाता है। 



                                   - गोवर्धन दास बिन्नानी "राजा बाबू"


09 December 2024

लघुकथा- परछाई

बसंत का मौसम शुरू ही हुआ था। नीरा,परिवार और मित्रो के साथ पिकनिक पर गई है। मौसम का आनन्द लेते हुए, नीरा अकेले ही जंगल की ओर चल पड़ी। अचानक उसके पैर थम गए। 

वो जहां खड़ी है, वहां जंगल घना नहीं है। डूबते सूरज के रंग सा, फूलों से भरा एक पेड़, नीरा ठीक उसके पास जाकर झरे हुए फूलों कोहाथों में उठाकर नम आंखों से देख रही है। 





फागुन का माह, हल्की हवाएं चल रही हैं। पेड़ पर लगे फूल नीरा को छू कर जमीन पर गिर रहे है। शाम के चार ही बजे थे। ढलती धूप में, सुनहरी पीली मिट्टी पर पेड़ की तिरछी छांव ने नीरा को अपनी बाहों में भर लिया। नीरा सिसक कर रोने लगी। 

तीन चार साल की छोटी सी उम्र में नीरा और दादी का साथ छूट गया था। दादी बीमार थी पर दुलार में कभी कोई कमी नहीं थी। पलाश के फूल दादी को अति प्रिय थे। तब से हर फागुन नीरा की निगाहे पलाश ढूंढती हैं।





आज मानो इस पलाश की परछाई में उसकी तलाश पूरी हुई। उसे बड़ा सुकून मिला। जाने कब घंटों बीत गए। इतने में उसकी सहेलियों उसे पुकारते हुए वहां पहुंची। नीरा जमीन पर बैठी, पलाश की पेड़ पर सर टिकाए सोई हुई थी।


                            - सुतपा घोष, दुर्गापुर, पश्चिम बंगाल


08 December 2024

लघु कथा - चिट्ठी



जून महीने की तपती दोपहर थी। सूरज अपनी पूरी ताकत लिए आसमान में चमक रहा था और गली में सन्नाटा पसरा था। सब कुछ थमा-थमा सा लग रहा था, सिवाय डाकिए के जो अपनी साइकिल पर घंटी बजाता हुआ हर घर के सामने से गुज़र रहा था।





किसी को कुशल क्षेम जानने के लिए पत्र का इंतजार था, तो किसी को परीक्षा परिणाम का डर, किसी को बिल की चिंता खाए जा रही थी तो कोई विरहन परदेश में रह रहे पिया की प्रेम पाती को पाने के लिए आकुल थी। गली का प्रत्येक व्यक्ति बस डाकिए की घंटी से चौकन्ना हो जाता था। 

        आज शर्मा जी भी दरवाजे की चौखट तक दौड़े दौड़े आए कि शायद संजय का कोई पत्र आया हो। संजय उनका बेटा,, जो भारतीय सेना में दो साल से अपनी सेवाएं दे रहा था। पूरे गांव में शर्मा जी बड़ी शान से कहते थे, कि मैंने अपने बेटे को भारत मां की रखवाली के लिए भेजा है। संजय का पत्र कई दिनों से आया नहीं था इसलिए चिंतित भी थे, लेकिन डाकिए को देखकर आशा की किरण नज़र आ रही थी। 





डाकिया भी थोड़ी देर रुक कर शर्मा जी के हाथ पर चिट्ठी रखकर चला गया। शर्मा जी जल्दी-जल्दी चश्मा टटोल कर पत्र खोलने लगे। शुरू की चार पंक्तियां पढ़कर ही वे वहीं चौखट पर औंधे मुंह गिर गए। परिवार वाले भी घबरा गए कि आखिर चिट्ठी में ऐसा क्या लिखा था? पढ़ कर पता चला कि संजय अपनी धरती मां के लिए कुर्बान हो गया था। 


                                                                - वसुंधरा धर्माणी 


06 December 2024

कहानी- अल्हड़ लड़की



       पहाड़ियों के बीच में सुंदर सा गांव चारों तरफ हरियाली , पेड़ पौधे , सीढ़ीदार खेत , और लकड़ी के पत्थर के मजबूत घर जिनमें बड़े बड़े आंगन जिसको कि मिट्टी से लीपा हुआ था और उसमें चटाई पर धूप सेंकती हुई एक सोलह साल की लड़की जिसका नाम सोना है साफ सुथरा रंग और गुलाबी गाल और होंठ सबको अपनी तरह आकृषित करते सोना थी भी बला की खूबसूरत लड़की... वह हाथ में किताब लिए हुए शायद अपना पाठ याद करती हुई आंगन में बैठी है....





        तभी किचन से मां की आवाज आती है सोना बेटा आके नाश्ता कर ले... किचन में चली जाती सोना जहां पर उसकी दादी, दादा जी और उसके पिताजी और छोटा भाई भी रोटी और सब्जी खा रहे थे... मां ने सोना को भी सब्जी रोटी और दूध दिया... सभी नाश्ता खत्म कर चुके थे...

          सोना और उसका छोटा भाई स्कूल के लिए तैयार हो के स्कूल चले जाते है मां झट से बर्तन धो के और सफाई करके खेत को चली जाती ही है... दादी और दादा जी भी काम में लग जाते है... 

          धीरे धीरे सोना बारहवीं पास करके कॉलेज में चली जाती है जो भी सोना को देखता वही बहाने से उससे पूछताछ करने की कोशिश करते थे...
         
पर सोना इतनी भी नादान न थी वही सब समझती थी क्यों हर कोई उससे बात करते है सब उससे दोस्ती करना चाहते है... पर सोना अपनी पढ़ाई करती और अच्छे नंबरों से पास होती...

          इतने में एक दिन दूर का एक लड़का सोना को देखते ही आवक रह गया उसने पहले कभी इतनी सुंदर लड़की नि देखीं थी वह झट से सोना से प्यार कर बैठा और सोना थोड़ा कतराती और तिरछी नजर से देख कर उसको अपना दिल दे बैठी पर सोना डरती भी थी कि उसकी वजह से कहीं मैं बदनाम न हो जाऊं लोग देखेंगे तो क्या कहेंगे मगर वह क्या करती वह भी अपने दिल के आगे मजबूर थी...

        अब वह कॉलेज जाती तो अनगिनत लोग उसको चाहते थे पर वह तो उस अंजान को अपना दिल दे बैठी थी अब वह और अजनबी धीरे धीरे कभी कभी मिलते तो थोड़ी देर की ही मुलाकात में हो जिंदगी भर के सपने देखती और वह उसको अपने प्रेमजाल में फंसा के खुश होता था और अनेक वादे करता उसको शादी का झांसा देता वह पागल भी उसका झूठ न पकड़ पाई और वह भी रंगीन दुनिया में खो जाती...

          अब सोना का ग्रेजुएशन पूरा होने को था इतने में सोना को एक बाज रूपी इंसान देखता है और वह उसको पाने के लिए सारे प्रयत्न करता है... उसका प्रेमी भी न जाने कहां चले गया सोना ने आखिर हार मान ली कि वह अब उसकी जिंदगी से जा चुका है और वह अब उस बाज रूपी इंसान की पत्नी बन गई...

       सोना की किस्मत में तो प्यार ही नहीं था वह बाज रूपी इंसान उसको शराब पीकर रोज मारता पीटता और गालियां देता वह बेचारी आसूं बहाती हुई उस भगवान को कोसती कि क्यों पैदा किया जब खुशियां ही नहीं लिखी तूने मेरी किस्मत में...

         पर अब हो भी क्या सकता था वह बस अब दिन काट रही थी इसी बीच उसके दो बच्चे हो गए अब वह उनका लालन पालन करने लगीं सोच कर कि कभी तो उसकी किस्मत पलटेगी... अब उसके बच्चे भी बड़े हो गए और अपनी मां को प्यार करते और उसका ख्याल रखते...

         अब सोना खुश थी और अब न उसके पास न वह इंसान था न बाज रूपी इंसान क्योंकि उसके पास था तो अपने बच्चों का प्यार और साथ...

         अब सोना खुले आसमान में गोते लगा रही थी अपने बच्चों के साथ अपने बच्चों के साथ जिन्होंने उसे प्यार दिया सम्मान दिया और आजादी दी अपने अतीत रूपी पिंजरे को तोड़ती हुई वह आजाद है... 

आज वह हंसती है, खिलखिलाती है, मुस्काती है, सपने देखती है, गुनगुनाती है, और खुले आसमान में तितली की तरह ऊंचाई भरती हुई, एक हिरनी की तरह कुलांचे मारती हुई हर दिन जीती है ...

        ये है सोना की कहानी और आज सोना बहुत खुश है अपनी छोटे से परिवार के साथ...!

        
                              - सुमन डोभाल काला,   देहरादून, उत्तराखंड


27 November 2024

तुम बनो सौभाग्य मेरा


आतुरता तुम्हे मुझसे मिलने पर विवश कर देती थी।अक्सर दूर गगन में जब चिड़ियों के घर लौटने का समय होता ,जब रवि अपनी रश्मियों को अपनी बाहों में समेटे अश्व रथ पर सवार होकर अपने लोक के लिए प्रस्थान करते ,जब शशि हौले से बादलों की ओट से अटखेलियां करता तब उस काल में तुमसे भेंट होने की संभावनाएं बढ़ जाती।तुम्हे आमंत्रित कर आग्रह पूर्व बुलाना मानो जैसे तुम खुशियां साथ लाने वाले हो,मानो तुम्हारा आना किसी उत्सव के हो जाने जैसा हो।फिर प्रेम आसक्ति में डूबे दो हृदय इस लोक को भूलकर आलौकिक लोक में विचरण करने सरीखे भाव लिए खोए जा चुके हो।





लोग कहते है क्या मिला मुझे तुमसे प्रेम करके।उनकी नजरों में बौराई सी पगलाई सी मै क्या ही उत्तर देती और क्यों ही देती। मैं तो इतना ही जानती हूं प्रेम करके कुछ बचा ही नहीं पाने को,तुम खुद भी नहीं।तुम्हे चाहना था चाह लिया। तुम चाहिए ऐसा कभी नहीं चाहा।मैं नदी के समान बहती रही और अंत में तुम्ही में समा गई।अब मेरी धारा को मै पीछे कैसे मोड़ सकती हूं।

एक दिन जब मेरा अस्तित्व समाप्त हो जाएगा ।जब मैं इस लोक से उस लोक की यात्रा का आरम्भ करूंगी तब तुम्हारा प्रेम मेरे साथ रहेगा।तुम्हारा प्रेम ही मेरा सौभाग्य है। मैं सौभाग्यवती जाना चाहती हूं।इतना अधिकार तुमसे नहीं मांग रही हूं अपितु तुम्हे मेरे जीवन में सौभाग्य रूप में भेजने वाले ईश्वर से मांग रही हूं।

सुनो माना कि अंतिम समय में मेरी मांग सूनी रह जाएगी।लेकिन तुम आना, जरूर आना ।घर के मंदिर से रोली लेकर और कहना ये ईश्वर का प्रसाद है और इस स्त्री का सौभाग्य कि अंत समय में इसके माथे पर सज कर इसका सौभाग्य बढ़ाएगा। तो लगा दीजिए इसके सूने माथे पर सौभाग्य का टीका। और मैं मान लूंगी कि मेरा सौभाग्य तुम हो।

- पारुल अग्रवाल मित्तल

25 November 2024

हंसी और आंसुओं की अनकही कहानीः विदाई के पल

नया सूरज, नई ज़िंदगी, और एक नई शुरुआत। शादी के अगले दिन का माहौल ससुराल में हलचल भरा था। सुबह से ही घर में रस्मों की तैयारी चल रही थी। लड़की के मायके वाले – माता-पिता और रिश्तेदार – बेटी के ससुराल पहली बार आ रहे थे, एक रसम निभाने। हल्का-सा संकोच, हल्की-सी बेचैनी, और ढेर सारी उम्मीदें लेकर वे घर में दाखिल हुए।





ससुराल का दरवाजा खुला और हर तरफ मुस्कुराहटें बिखर गईं। सबने एक-दूसरे का गर्मजोशी से स्वागत किया। चाय, मिठाइयों और गपशप के बीच रसम पूरी हुई। हर कोई प्रसन्न दिख रहा था, लेकिन कहीं भीतर छिपी भावनाओं की गहराई को महसूस किया जा सकता था।  


जब विदाई का समय आया, तो मायके वाले गाड़ी में बैठने लगे। बाहर ससुराल के सभी सदस्य हंसी-खुशी उन्हें विदा कर रहे थे। हाथ हिलाकर, मुस्कुराते हुए। एक खुशनुमा तस्वीर जैसी लग रही थी।  लेकिन उन मुस्कानों के बीच, घर के दरवाजे पर एक कोने में खड़ी लड़की और गाड़ी में बैठी उसकी मां की आंखें भरी हुई थीं। मां बेटी को देख रही थी, बेटी मां को। कोई शब्द नहीं बोले गए, पर उनकी नज़रों ने सब कह दिया। मां की आंखों में बेटी को अलविदा कहने का दर्द था, और बेटी की आंखों में अपनी पुरानी दुनिया से दूर जाने की कसक।  


मैं वहीं खड़ा सब देख मुस्कुराहटें और बहते आंसुओं के बीच का सफर महसूस करने की कोशिश कर रहा था। क्या मैं मुस्कुराऊं उन खुशहाल चेहरों के साथ, उन आंखों से बहते आंसुओं में डूब जाऊं ?  


उस पल ने मुझे एक अनकही कहानी सिखा दी। इंसान की ज़िंदगी मुस्कान और आंसुओं का अजीब संगम है। जो विदाई हंसी के साथ हो रही थी, उसमें भी दर्द छिपा था। और जो आंखों से आंसू बह रहे थे, उसमें भी प्यार की गहराई थी।  


गाड़ी धीरे-धीरे आगे बढ़ी, और मां-बेटी की आंखों का वह संपर्क टूट गया। ससुराल वाले अब भी मुस्कुरा रहे थे, हाथ हिला रहे थे। लेकिन मैं जानता था, उस गाड़ी में बैठी मां और बेटी ने अपने दिल के एक कोने में वो पल हमेशा के लिए कैद कर लिया था। आखिरकार, मैं वहां खड़ा, न मुस्कुरा सका, न रो सका। क्योंकि इन आंसुओं और मुस्कान के बीच झूलती हुई ही यही ज़िंदगी है।


                                                                   - विकास बिश्नोई