साहित्य चक्र

23 November 2026

मोहब्बत की अनमोल निशानी: दो सौ रुपये और एक बटुआ...

कुछ रिश्ते दुनिया से रुख़्सत हो जाते हैं, मगर उनकी मोहब्बत उम्र भर दिल और उनकी दी हुई निशानियों में महफ़ूज़ रहती है।

मेरे दादा जी के पास करीब 40 वर्ष पुराना एक बटुआ था। उस बटुए में उन्होंने बड़े जतन से रखे थे दादी के दिए हुए दो सौ रुपये। दादी ने अपनी ज़िंदगी के आख़िरी दिनों में, मौत से महज़ दो दिन पहले, वे दो सौ रुपये दादा जी को दिए थे। वक़्त धीरे-धीरे गुज़रता गया, मगर दादा जी के लिए उन रुपयों की अहमियत कभी कम नहीं हुई। वे अक्सर उन रुपयों को देखकर दादी की यादों में खो जाया करते थे।





दादी के इस दुनिया से जाने के बाद भी करीब 30-35 वर्षों तक दादा जी ने उन दो सौ रुपयों को वैसे ही महफ़ूज़ रखा, जैसे दादी ने उन्हें सौंपा था। शायद उन रुपयों को देखते ही उन्हें दादी का चेहरा, उनकी बातें और साथ बिताए लम्हें याद आ जाते होंगे।

उस बटुए से जुड़ी एक और बेहद भावुक याद थी। मेरी बड़ी बुआ शादी के बाद अपने पति के साथ आगरा चली गई थीं। शादी के बाद जब वे पहली बार मायके आईं, तो अपने पिता यानी मेरे दादा जी के लिए एक सुंदर-सा भूरे रंग का बटुआ लेकर आई थीं।

लेकिन क़िस्मत को कुछ और ही मंज़ूर था। एक सड़क हादसे में बड़ी बुआ और फूफा जी दोनों की असमय मृत्यु हो गई। वे अपने पीछे महज़ पाँच-छह साल का एक मासूम बच्चा छोड़ गए। उस बच्चे के सिर से माता-पिता का साया उठ चुका था। ऐसे मुश्किल वक़्त में दादा जी ने उसे अपने सीने से लगाया। उसे पाला-पोसा, पढ़ाया-लिखाया और उसकी शादी कराकर उसका घर भी बसाया। जिस बुआ की याद में वह बटुआ उनके पास था, उसी बुआ की आख़िरी निशानी को उन्होंने अपनी ज़िंदगी का हिस्सा बनाकर रखा।

दादी के दिए दो सौ रुपये और बड़ी बुआ का लाया हुआ वह भूरे रंग का बटुआ- दादा जी ने दोनों को अपनी आख़िरी साँस तक सँभालकर रखा। ज़रा सोचिए, जिस दौर में दो सौ रुपये से बहुत कुछ ख़रीदा जा सकता था, उस दौर में मेरे दादा जी ने उन रुपयों को ख़र्च करने के बजाय मोहब्बत की एक अनमोल अमानत बनाकर रखा था। शायद उनके लिए उन रुपयों की कोई बाज़ारी क़ीमत नहीं थी। उनकी असल क़ीमत उस हाथ में थी, जिसने कभी उन्हें बड़े प्यार से थमाया था।

दादी तो रुख़्सत हो गईं, मगर दादा जी ने उनके दिए हुए दो सौ रुपयों में उनकी मौजूदगी को ज़िंदा रखा। बड़ी बुआ भी चली गईं, मगर उनका लाया हुआ बटुआ दादा जी के पास उनकी यादों का एक ख़ूबसूरत हिस्सा बनकर रहा।

आज की दुनिया में मोहब्बत अक्सर अल्फ़ाज़ों में बयां होती है, लेकिन मेरे दादा जी की मोहब्बत उन पुराने रुपयों और उस भूरे बटुए में ख़ामोशी से साँस लेती रही। क्योंकि मोहब्बत का सबसे ख़ूबसूरत रूप शायद यही है- इंसान चला जाता है, मगर उसकी दी हुई छोटी-सी निशानी पूरी ज़िंदगी का सबसे बड़ा ख़ज़ाना बन जाती है।

कुछ चीज़ें पुरानी नहीं होतीं, वे बस यादों की उम्र के साथ और भी अनमोल होती जाती हैं।


- दीपक कोहली


No comments:

Post a Comment