साहित्य चक्र
Showing posts with label दीपक कोहली. Show all posts
Showing posts with label दीपक कोहली. Show all posts

14 September 2026

साहित्य के प्रति लोगों का प्रेम हकीकत या दिखावा!


सोशल मीडिया खोलते ही ऐसा महसूस होता है कि हर दूसरा व्यक्ति लेखक है। लेखक होना गलत नहीं है, मगर लेखक की अपनी एक गरिमा और मर्यादा भी होती है। साहित्य, समाज का दर्पण होता है। अगर हम अपने समाज की बुराइयों को अपने साहित्य के माध्यम से उजागर नहीं करते हैं, तो कही ना कही हम अपने साहित्य के प्रति ईमानदारी खो रहे होते है।






क्या पुस्तक प्रकाशित करने से कोई लेखक बन जाता है ? इस सवाल का जवाब देना बेहद चुनौतीपूर्ण है। मगर आज लोग अपनी पुस्तक प्रकाशित कर खुद को लेखक कहने लगे हैं। भले ही उस पुस्तक को लिखने में AI माता का प्रयोग किया गया हो। प्रकाशकों की बाढ़ सी आ गई है, हर दिन हजारों पुस्तक प्रकाशित हो रहे हैं। फिर सवाल मन में उठता है- क्या इतने पाठक हैं ?

कभी-कभी मैं मन ही मन सोचता हूं कि कही लोगों ने खुद को लेखक साबित करने को एक सामाजिक दिखावा तो नहीं बना लिया है! मैं यह इसलिए कह रहा हूं क्योंकि आजकल के तथाकथित लेखक पढ़ते कम है और लिखने ज्यादा है, जबकि बतौर लेखक अध्ययन करना सबसे बड़ी पूंजी है। एक बात कही जाती कि लगातार अध्ययन करने से ही एक लेखक परिपक्व बनता है। दूसरा सोशल मीडिया के माध्यम से दूसरों की रचनाओं को चोरी कर और थोड़ी काट-छांट करके अपने नाम से प्रकाशित करने वाले लोग भी लेखक बनकर घूम रहे हैं।

वही कुछ लोग हिंदी साहित्य को हिंदू धर्म या हिंदुत्व से जोड़ने की कोशिश भी कर रहे हैं। जबकि हकीकत यह है कि हिंदी और उर्दू भाषा का जन्म भारत में ही हुआ है। हिंदी भाषा बिना उर्दू और फारसी के बिना अधूरी है। और कुछ तथाकथित स्वघोषित लेखक हिंदी को भारत की मातृभाषा बोलकर दूसरों पर थोपने की कोशिश करते हैं, जबकि हिंदी किसी भी राज्य की मातृभाषा नहीं है। भारत के अधिकांश राज्यों में मातृभाषा वहां की स्थानीय बोलियां रही है, हां! हिंदी धीरे-धीरे स्थानीय बोलियों को खत्म कर उनका स्थान लेने की कोशिश कर रही है।

मुझे लगता है कि बतौर लेखक हमें सभी बोलियों और भाषाओं का सम्मान करना चाहिए। हां! भारत में हिंदी भाषा को बोलने वालों की जनसंख्या ज्यादा है, मगर जो लोग हिंदी नहीं बोल पाते हैं, हमें हिंदी उन लोगों पर थोपने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। भाषा के कारण ही बांग्लादेश, पाकिस्तान से अलग हुआ था। इसलिए हमें अपने देश की सभी भाषाओं को समान दृष्टिकोण से देखना चाहिए।


- दीपक कोहली


11 September 2026

आरक्षण कुमार और मेरिट ठाकुर की दोस्ती!






एक गांव में आरक्षण कुमार और मेरिट ठाकुर नाम के दो लड़के थे और दोनों ही आपस में बहुत अच्छे दोस्त थे। दोनों साथ में खेलते, पढ़ाई करते और स्कूल जाते थे। एक बार गांव में भागवत कथा का आयोजन होने वाला था। भागवत कथा की तैयारी को लेकर पूरे गांव में खुशी की लहर थी। मैरिड और आरक्षण दोनों दोस्त गांव वालों के साथ मिलकर भागवत कथा के आयोजन कार्य में जुट गए। पंडाल बनकर तैयार था और लोगों की बैठने की व्यवस्था भी पूरी हो चुकी थी। भागवत कथा का शुभारंभ हुआ और सभी गांव वाले कथा सुनने के लिए आने लगे। तभी कुछ लोगों ने गांव वालों को अलग-अलग स्थान पर बैठाना शुरू कर दिया। शुरुआत में आरक्षण और मेरिट को लगा कि यह व्यवस्था बनाए रखने के लिए किया जा रहा है।

अचानक आरक्षण ने देखा और महसूस किया कि उसके समाज के लोगों को एक ही स्थान पर बैठाया जा रहा है। पहले तो उसे लगा कि यह गलती से हो गया होगा, मगर जब आरक्षण की माता कथा सुनने के लिए आई, तो उसको भी लोग ने वहीं पर बैठा दिया गया जहां पर आरक्षण के समाज के सभी लोग बैठे थे। जबकि दूसरे जगह पर काफी स्थान खाली था। आरक्षण ने यह बात मेरिट को बताई, मेरिट ने आरक्षण को समझने की कोशिश की। इसके बाद जब मेरिट ने इस विषय पर अपने समाज के लोगों से बात की, तब उसके समाज के लोगों ने मेरिट से कहा इन लोगों की जाति हमसे नीच है। इसलिए यह भागवत कथा हमारे लोगों के साथ बैठकर नहीं सुन सकते हैं।

मेरिट नहीं पलट कर जवाब दिया और कहा कि आरक्षण के समाज के लड़कों ने भी पंडाल बनाने और व्यवस्था को बेहतर करने में अपना सहयोग दिया है। फिर अंत में आप लोग इस तरह का भेदभाव क्यों कर रहे हैं ? 

मेरिट के तथाकथित ऊंच समाज के लोगों ने जवाब दिया- पंडाल बनने के बाद हमने पंडाल का शुद्धिकरण कर दिया था और उन सभी लड़कों को उसके बाद पंडाल के अंदर आने नहीं दिया। इसलिए तुम ज्यादा होशियार बनने की कोशिश मत करो, जो व्यवस्था सदियों से चली आ रही है, तुम उसको बदलने की कोशिश मत करो। अगर हमारे समाज में रहना है तो इन नियमों का पालन करना होगा। वे लोग चाहे कितना ही पैसा कमा ले, कितना ही शिक्षित क्यों ना हो जाए, मगर वे जाति के आधार पर हमसे बड़े और आगे नहीं हो सकते हैं।

मेरिट ठाकुर खामोशी से पंडाल से बाहर निकाल और आरक्षण कुमार के साथ पंडाल से दूर बैठकर भागवत कथा सुनने लगा। तभी मेरिट ने आरक्षण से कहा- दोस्त मैं तुमसे माफी चाहता हूं। मगर यह सत्य है कि हमारे समाज के लोगों ने तुम्हारे समाज के लोगों को जान बूझकर अलग बैठाया है। 

इस पर आरक्षण कुमार बोला- मित्र यह तुम्हारी गलती नहीं बल्कि हमारे समाज का दुर्भाग्य है। हमारे समाज ने यातनाएं झेली, भेदभाव झेला, अपमान सहा, मगर फिर भी कभी इस धर्म को छोड़ने के बारे में नहीं सोचा। मुझे अपने समाज की इस मूर्खता पर आज हंसी आ रही है। मित्र! बाकी आपने इस विषय को गंभीरता से लिया और अपने समाज के लोगों से बात की इसके लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। कम से कम आप ने इस विषय को समझने की कोशिश तो की अन्यथा आपके समाज के लोग समझना तो दूर की बात, सुनना तक नहीं चाहते हैं।

मेरिट ठाकुर ने कहा- मित्र, हमारा समाज इतना संकीर्ण और मूर्ख होगा मुझे नहीं पता था। खैर! तुम मेरे मित्र हो‌‌ और हमेशा रहोगे। समाज की कोई भी बुरी ताकत हमारी इस मित्रता को खत्म नहीं कर सकती है। आज नहीं तो कल हमारे समाज को अपनी इन बुराइयों पर पछतावा होगा। इन्हीं बुराइयों की वजह से हमारा समाज कभी भी एकता के सूत्र में नहीं बंध सका है।

आरक्षण कुमार थोड़ी देर विचार करने के बाद बोला- दोस्त! मुझे नहीं पता तुम्हारे समाज की ये बुराइयां खत्म होगी या नहीं, मगर मैं इतना जरूर कह सकता हूं कि मैं इस व्यवस्था से खुद को बाहर कर लूंगा। और अपना लूंगा कोई ऐसा धर्म व व्यवस्था जहां मुझे और मेरे परिवार को सामाजिक और जातीय अपमान नहीं सहना पड़े।

मेरिट ठाकुर ने कहा- मित्र, हम सभी एक ही धर्म को मानने वाले लोग। फिर क्यों ना हम सभी को सामाजिक मंथन कर इन बुरी प्रथाओं का बहिष्कार कर बेहतर समाज की नींव डालकर आगे बढ़ना चाहिए।

आरक्षण कुमार ने मेरिट का जवाब देते हुए कहा- दोस्त यह काम मेरे समाज और जाति के लोगों का नहीं, बल्कि आपके तथाकथित ऊंची जाति के लोगों का है। बाकी हमारे समाज के लोग तो सदियों से कहते आ रहे हैं कि यह जातीय व्यवस्था मानव समाज के लिए सही नहीं है। इसी जाति व्यवस्था के कारण हमारा देश हजारों साल गुलाम रहा और तो और इसी व्यवस्था के कारण हमारे समाज के लोगों के पास ना जमीन थी, ना संपत्ति थी, ना शिक्षा थी और ना ही व्यापार था। फिर भी हमारे समाज ने विद्रोह नहीं किया और ना ही किसी बाहरी के साथ मिलकर अपने समाज के साथ गद्दारी की। 

मेरिट ठाकुर ने आरक्षण की बात सुनकर थोड़ी देर विचार किया और उसके बाद विनम्रता से कहा- मित्र तुम्हारी बातें शत-शत प्रतिशत सही है। यह हमारे समाज की मूर्खता ही है कि उसने हजारों सालों तक आपके समाज पर अत्याचार, भेदभाव और शोषण किया। मगर कभी पछतावा कर माफी मांगने के बारे में नहीं सोचा, बल्कि आज भी मौका मिलते ही शोषण, भेदभाव और अत्याचार करना शुरू कर देता है। 

मित्र! मैं मेरिट और तुम आरक्षण हो। मेरे पास सदियों से शिक्षा, संपत्ति और व्यापार पर एकाधिकार रहा है। तुम्हें तो आजादी के बाद संवैधानिक व्यवस्था कर तुम्हारी जनसंख्या के आधार पर अधिकार व हिस्सेदारी देने का एक छोटा सा प्रयास किया गया है। इस छोटे से संवैधानिक प्रयास से भी हमारा समाज घृणा और नफ़रत कर रहा है। मैं माफी के साथ कहता हूं कि भारतीय संविधान के तहत आपके समाज को मिले संवैधानिक अधिकार व हिस्सेदारी तब तक बनें रहने चाहिए, जब तक की हमारे समाज द्वारा आपके समाज के किसी भी एक व्यक्ति के साथ किसी भी प्रकार का जातीय उत्पीड़न, भेदभाव और शोषण किया जाता है।

आरक्षण कुमार बोला- दोस्त! काश तुम्हारी तरह तुम्हारे समाज के सभी लोग हमारी इस पीड़ा को समझ पाते और हमारे समाज की जाति व्यवस्था, उत्पीड़न और भेदभाव जैसी बुरी प्रथाओं का विरोध कर एक स्वस्थ समाज बनाने की दिशा में कदम बढ़ाते। शायद! इसी जातीय व्यवस्था के कारण से हमारा देश आज भी एकता के सूत्र में नहीं बंध पाया है।


                                                         - दीपक कोहली


18 August 2026

संस्कृत भाषा की रचनाएं ही राष्ट्रीय गान और राष्ट्रीय गीत क्यों!

बतौर भारतीय मेरे मन में एक सवाल उठता है- संस्कृत भाषा को भारत यानी हमारे देश में एक प्रतिशत लोग भी ना बोल पाते हैं और ना ही लिख पाते हैं तो फिर उस भाषा की रचनाओं को हमने अपना राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत क्यों बनाया हुआ है ? अधिकांश भारतीय ना राष्ट्रगान और ना ही राष्ट्रगीत बिना देखें गा पाते हैं। कहीं इसके पीछे का कारण संस्कृत भाषा की रचनाओं का राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का होना तो नहीं है ?





भारत अनेक संस्कृति, सभ्यता और भाषा से मिला एक लोकतांत्रिक गणराज्य है। इसकी आज तक कोई राष्ट्रीय भाषा नहीं बन पाई है। हां! अंग्रेजी और हिंदी राजभाषा जरूर है। इतना ही नहीं बल्कि हिंदी भाषा कुछ ही क्षेत्र की मातृभाषा है। अधिकांश क्षेत्रों में लोगों की मातृभाषा वहां की स्थानीय बोली व भाषा है। उदाहरण के लिए पश्चिम बंगाल की मातृभाषा बंगाली है, महाराष्ट्र की मातृभाषा मराठी है, तमिलनाडु की मातृभाषा तमिल है, उत्तराखंड की मातृभाषा गढ़वाली, कुमाऊनी और जौनसारी है। ऐसा ही अन्य राज्यों में भी है।

संस्कृत भाषा भारत की कभी भी आम बोलचाल वाली भाषा नहीं रही है। संस्कृत और तमिल भाषा में सबसे प्राचीन भाषा को लेकर आपस में विरोधाभास दिखाई देता है। जहां दक्षिण के इतिहासकार तमिल को सबसे पुरानी भाषा मानते हैं तो वही उत्तर भारत के लोग संस्कृत को सबसे पुरानी भाषा का दर्जा देते हैं। मगर इन दोनों भाषाओं में कौन सी सबसे पुरानी भाषा है, इस पर कोई ठोस शोध नहीं हो पाया है।

संस्कृत भाषा को हिंदू धर्म की भाषा भी माना जाता है क्योंकि हिंदू धर्म के अधिकांश ग्रंथ संस्कृत भाषा में ही लिखे गए हैं। ऐसे में फिर एक सवाल और उठना है- जब भारत धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक राष्ट्र है और संस्कृत हमारी यानी भारत सरकार की राजभाषा भी नहीं है तो फिर इस भाषा की दो रचनाओं को राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत बनाना कितना सही है ?


बहुत सारे लोगों का तर्क होगा कि आजादी के समय यह फैसला लिया गया था। मगर जिस प्रकार से आज इतिहास को ठीक किया जा रहा है, उसी प्रकार से इस पर भी विचार किया जाना चाहिए कि जिस भाषा को हमारे देश की अधिकांश जनता ना बोल पाती है, ना लिख पाती है उस भाषा की रचनाओं को राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान बनाना सही है या फिर गलत! 


                                                  - दीपक कोहली


09 July 2026

चौमासा की डरावनी रातें!


पहाड़ दूर से जितने प्यारे और सुंदर दिखाई देते हैं, अक्सर पहाड़ों का जीवन उससे उतना ही डरावना व खतरनाक होता है। चौमास यानी बरसात के मौसम में पहाड़- नदियों की उफान, हरियाली की हनक और कीट-पतंगों के आक्रमण से भर जाते हैं। चौमास में महीनों बारिश लगी रहती है और बारिश के कारण स्थानीय लोगों के मन में आंतरिक डर बना रहता है।

चौमास में अधिक बारिश के कारण पहाड़ों की नदियाँ विकराल रूप धारण की रहती है। जमीन यानी पहाड़ों का खिसकना, रोड़-पुलों व घरों का टूटना, पेड़ों का गिरना और आपदा आना पहाड़ों में सामान्य बात है। इसीलिए शायद! पहाड़ के स्थानीय लोग अपने घर में हमेशा 1-2 माह का राशन बचाकर चलते हैं। कहते है कि जैसी परस्थितियाँ होती हैं, वैसे ही उपाय खोजे जाते हैं। अपने घर में हमेशा राशन का भंडार करके रखना पहाड़ों के लोग का वहां की परस्थितियों से लड़ने का एक कारगर हथियार है।






चौमास की रातों में कभी-कभी पहाड़ी लोग बिना सोए भी रहते हैं। इसलिए नहीं कि उन्हें नींद नहीं आती, बल्कि इसलिए क्योंकि पहाड़ों की ज्यादा बारिश डरा देती है। पहाड़ियों का डरना भी वाज़िब है, क्योंकि प्रकृति का कहर बिना बताएँ आती है और वो इंसानों की तरह जाति-धर्म व लिंग का किसी भी प्रकार का कोई भेद नहीं करती है। पहाड़ों के हर गांव में चौमास की रातों के कई दर्दनाक किस्से दफ्न है। शायद इन्हीं दर्दनाक किस्सों ने पहाड़ियों को कोमल हृदय का मानुष बनाया है।

पहाड़ियों के बारे में कहा जाता है कि पहाड़ी लोग हृदय से जितने कोमल होते हैं, उतने ही उनके हौंसले बुलंद होते हैं। पहाड़ी प्रकृति से बार-बार टूटता-डरता है, मगर हिम्मत नहीं हारता है। चौमास की डरावनी रातें पहाड़ियों को डराती तो जरूर हैं, मगर पहाड़ी लोग प्रकृति से कभी रूठते या नफरत नहीं करते हैं। क्योंकि पहाड़ के लोग प्रकृति को अपनी माँ मानते हैं और उसके कहर को माँ की डांट समझ कर सह लेते हैं।

पहाड़ों में चौमासा जितना डरावना होता है, उतना ही लाभदायक और प्यारा भी होता है, क्योंकि चौमासा अपने साथ हरियाली, रंग-बिरंगे फूल, नदियों की सु.. सु… सुसुहाहट और चिड़ियों की चहचहाहट लेकर आती है। चौमासा यानी आषाढ़, सावन, भादो और कार्तिक का माह और वर्षा ऋतु का मौसम होता है। चौमासा को वर्षावास, चतुर्मास और चातुर्मास्य भी कहते हैं।


- दीपक कोहली



23 March 2026

अमेरिका की ओछी हरकतें, विश्व में अशांति का कारण!

आज विश्व में चारों तरफ अशांति फैली हुई है। इस अशांति के कारण हजारों मासूम बच्चे, महिलाएं और आम नागरिक मौत के घाट उतर चुके हैं। यूरोप से लेकर एशिया और अफ्रीका तक इस अशांति का शिकार है। इस अशांति के कारण लगभग सभी देशों के नागरिकों को महंगाई और बेरोजगारी से लेकर तमाम तरह के प्रभावित होना पड़ रहा है।





विश्व में फैली अशांति का मुख्य दोषी अमेरिका है। अमेरिका अपने स्वार्थ के लिए गरीब देशों के खनिज खजानों और प्राकृतिक संप्रदाय पर अधिकार जमाने के लिए इस तरह की ओछी हरकतों से वहां के नागरिकों को टारगेट बना रहा है। अमेरिका का इतिहास रहा है कि वह हमेशा से अपने स्वार्थों को सबसे ऊपर रखता आया है।

चाहे वह सोवियत संघ को शीत युद्ध के जरिए से तोड़ना हो या फिर पाकिस्तान को हथियार देकर आतंकी गतिविधियों के जरिए भारत के विकास को प्रभावित करना हो। अमेरिका अपने स्वार्थ के लिए इस तरह की ओछी हरकतें सदियों से करता आ रहा है, मगर अब अमेरिका की ओछी हरकतों को विश्व के लगभग हर देश समझ गया है।




अमेरिका खुद को सबसे पुराना लोकतांत्रिक देश कहता है, मगर लोकतंत्र के गुण अमेरिका के पास ना के बराबर दिखाई देते हैं। लोकतंत्र कभी भी नहीं कहता कि दूसरे देश की प्राकृतिक संपदा को हड़पने के लिए उस देश पर हमला कर दो और वहां के राजनेताओं को मरवा दो।

अमेरिका का दोहरा चरित्र और काला चेहरा अब विश्व के सामने धीरे-धीरे आ रहा है।‌ चाहे वह दूसरे देशों के क्रीम मांइड बच्चों को अच्छी नौकरी और अच्छा सैलरी पैकेज देकर खरीदने की बात हो या फिर अल-कायदा जैसे संगठनों को फंडिंग और हथियार देकर अफगानिस्तान जैसे क‌ई देशों को बर्बाद करने की साजिश हो। ये सब अमेरिका की ओछी हरकतें आज विश्व के लिए अशांति का कारण बन गई है।

अमेरिका को यह समझना चाहिए कि लोकतंत्र जितना वहां के नागरिकों को अधिकार देता है, उतना ही अधिकार एशिया, अफ्रीका और यूरोप के देशों के नागरिकों को भी देता है। वक्त रहते अमेरिका अगर अपनी सोच और हरकतें में सुधार नहीं करता है तो अमेरिका का आने वाला भविष्य कितना खतरनाक होगा कि इसकी कल्पना आप और हम नहीं कर सकते हैं।


- दीपक कोहली





18 February 2026

मेरा और तुम्हारा ईश्वर!


तुम्हारे और मेरे धार्मिक होने में धरती और आसमान का फर्क है। तुम पंडित, मौलाना, पादरी और आदि धर्म गुरु के बताए गए मार्गों या कर्मों को ही धर्म समझ लेते हो। मगर मैं अन्याय के खिलाफ लड़ना, सच को सच व गलत को गलत कहना और अत्याचार के विरुद्ध खड़ा होने को अपना धर्म मानता हूं। मेरे से नहीं होती काम चोरी, मेरे से नहीं बोला जाता झूठ, मैं इंसानों में नहीं कर पाता हूं भेद और मैं अपने धर्म को सर्वश्रेष्ठ घोषित नहीं करता हूं, क्योंकि मैं तुम्हारे जैसा धार्मिक नहीं हूं। 





हां तुम करते होंगे दिन-रात पूजा-पाठ और पांच वक्त की नमाज़ अदा... मगर मैं नहीं करता। क्योंकि मेरा ईश्वर (प्रकृति) मुझे किसी भी बंधन में नहीं बांधता है। तुम्हारे ईश्वर और अल्लाह ने तुम्हारे लिए नियमों की सूची बना रखी है। मेरा ईश्वर (प्रकृति) मुझे सभी जीव जंतुओं को बराबर मानने या देखने को कहता है। तुमने अपने ईश्वर और अल्लाह को कभी देखा नहीं होगा, मगर मैं अपने ईश्वर (प्रकृति) को हर रोज देखता और महसूस करता हूं। मेरा ईश्वर (प्रकृति)मुझ से हर रोज सूर्य की पहली किरण के साथ संवाद की शुरुआत करता हैं और शाम की संध्या के साथ संवाद को विराम देते हैं।




मुझे नहीं पता तुम्हारा ईश्वर और अल्लाह तुम्हारे सुख-दुख में शामिल होते हैं या नहीं, मगर मेरा ईश्वर (प्रकृति) मेरे साथ हमेशा खड़ा रहता हैं। मेरा ईश्वर (प्रकृति) मुझे अपना विकराल रूप भी दिखता है, डरता है, हंसना है और मेरे लिए लड़ता भी है। इतना ही नहीं बल्कि मुझे जिंदा रखने के लिए कई बार खुद बीमार भी पड़ जाता है। बस यही फर्क है तुम्हारे और मेरे ईश्वर में... इसलिए मैं तुमसे अलग हूं।


                                                           - दीपक कोहली




15 February 2026

वर्तमान में बाजार की समस्याओं से जूझता मानव!


आज जैसे-जैसे हम आधुनिकता की ओर बढ़ते जा रहे हैं और हमारे बाजारों की हालत उतनी ही खराब और चिंताजनक होती जा रही है। एक वक्त था जब खाद्य पदार्थों के मूल्य इतनी जल्दी उतार-चढ़ाव नहीं करते थे, मगर आज 1 घंटे बाद खाद्य पदार्थों के मूल्य बदल जाते हैं। इतना ही नहीं बल्कि मिलावट और गुणवत्ता की कमी खाद्य पदार्थों के सेवन में हमें चिंतित कर रही है। बाजार की दिखावे वाली अर्थव्यवस्था ने हमें चारों तरफ से घेर रखा है।





आइए इस दिखावे की अर्थव्यवस्था ने हमें कैसे घेर कर रखा है इस पर प्रकाश डालते हैं-

आज बाजारों से मानवीय स्पर्शिता यानी आपसी व्यक्तिगत रिश्ते धीरे-धीरे समाप्ति की ओर जा रही है। पहले हम सभी अपने आस-पास की दुकानों में जाकर सामान खरीदते थे। आज हम ऑनलाइन ऑर्डर कर रहे हैं, जिसके कारण हमारा लोगों से संवाद धीरे-धीरे कम हो रहा है। ई-कॉमर्स यानी ऑनलाइन खरीदारी से न सिर्फ स्थानीय दुकानदारों की आय पर असर पड़ रहा है, बल्कि पैकेजिंग यानी बड़ी मात्रा में कचरा भी इकट्ठा हो रहा है। इसका सीधा असर हमारे पर्यावरण पर पड़ रहा है।




बाजार के दिखावे के कारण आज हम सभी का गैर जरूरी खर्चा बढ़ गया है। सोचिए ऑनलाइन खरीदारी में चप्पल भी EMI पर उपलब्ध है। विज्ञापनों ने हमें चारों तरफ से घेर रखा है। चाहे वह फेसबुक हो, इंस्टाग्राम हो, गूगल हो या फिर न्यूज़ पेपर, न्यूज़ चैनल और सड़कों पर लगे बड़े-बड़े बैनर हो। हम हर समय खरीदारी के ही मूड में रहते हैं या खरीदारी के बारे में ही सोचते रहते हैं। सोशल प्लेटफॉर्म के जरिए हमारा डाटा चोरी हो रहा है। इतना ही नहीं बल्कि अगर आप अपने मोबाइल का डेटा ऑन करके किसी वस्तु की जरूरत के बारे में बातचीत करेंगे तो आपको आपके सोशल प्लेटफॉर्म पर वही विज्ञापन देखने शुरू हो जाते हैं।




आज हर चीज की मंथली सब्सक्रिप्शन की प्रणाली लगातार बढ़ती जा रही है यानी पहले हम सीडी कैसेट के माध्यम से कोई सॉफ्टवेयर या फिल्म हमेशा के लिए खरीद सकते थे। मगर आज आप पैसा दुगना दे रहे हैं और वह वस्तु आपको सिर्फ एक महीने के लिए मिल रही है। इतना ही नहीं बल्कि बाजार में ऐसे प्रोडक्ट्स लाएं जा रहे हैं, जिनकी लाइफ बहुत छोटी है या फिर उनकी लाइफ छोटी बनाई जा रही है। पैसा देकर भी सही वस्तु नहीं मिल पा रही है यानी बाजार में नकली वस्तु या फर्स्ट कॉपी की भरमार है। बाजार के इस मकड़ जाल से बाहर निकलना हमारे लिए मुश्किल नहीं बल्कि नामुमकिन हो चुका है।





बाजार के इस दिखावे की धारा में इनफ्लुएंसर मार्केटिंग का ऐसा भ्रम जाल फैला रहे हैं कि लोग गैर जरूरी वस्तुओं को इनफ्लुएंसर के दबाव में खरीद रहे हैं। बाजार से लॉयल्टी लगातार कम होती जा रही है। ग्राहकों पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाकर डार्क पैटर्न्स यानी ऑनलाइन चालबाजी से धोखाधड़ी की जा रही है। बाजार के प्रभाव ने लोगों में इंपल्स बाइंग यानी बिना सोचे समझे वस्तु खरीदने की आदत डाल दी है। बाजारों से स्थानीय स्वाद और विविधता लगातार गायब हो रही है यानी हमारे बाजार ग्लोबल होने के चक्कर में लोकल को खो रहे हैं।




हम लोग बाजार के दिखावे में इतनी बुरी तरीके से फंस गए हैं कि अपनी प्राइवेसी को लग्जरी मानने लग गए हैं। बाजार ने हमारे दिमाग पर कब्जा कर लिया है और हम चाह कर भी बाजार के इस जाल से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। आज हमें इंस्टेंट ग्रेटिफिकेशन यानी तात्कालिक संतुष्टि की लत लग चुकी है। सामाजिक मान व मर्यादाओं का हमने अचार बना डाला है। इसलिए सोशल मीडिया पर फेमस होने के लिए शारीरिक अंगों का प्रदर्शन और गाली गलौज की हरकतें आम होती जा रही है। हमारे युवा सोशल मीडिया में ऐसा खोया है कि उसे अपने भविष्य की जरा सी भी चिंता नहीं है।




बाजार की ये समस्याएं ऐसी ही चलती रही तो वह दिन दूर नहीं जब हम सभी चांद अमीर लोगों के गुलाम बन जाएंगे। आप और हम सिर्फ नौकरी व दो वक्त के खाने को ही जीवन समझने लग जाएंगे। इसलिए वक्त रहते हम सभी को बाजार के इस प्रभाव को समझना होगा और इस पर लगाम लगानी होगी अन्यथा यह समस्या हम सभी को अपना शिकार बना लेगी और हम कुछ भी नहीं कर पाएंगे।



- दीपक कोहली


09 January 2026

मम्मी की एक दिन की मार से मुझे कभी गलत करने की हिम्मत नहीं आई...



मुझे ठीक से याद नहीं है, मगर इतना जरूरी याद है कि रक्षाबंधन के त्यौहार वाला समय था। रक्षाबंधन के एक-दो दिन आगे या एक-दो दिन बाद की बात है। उस दिन मैंने पहली बार स्कूल नहीं जाने का फैसला किया था। यह फैसला मैंने बिना किसी से पूछे किया था। ना मम्मी से पूछा था, ना पापा से और ना ही दादा जी से... मुझे रक्षाबंधन के मेले में जाना था। कुछ स्कूल के दोस्त और कुछ अगल-बगल के साथी थे। मम्मी को पता नहीं था कि मैंने स्कूल की छुट्टी की है। जब सब स्कूल चले गए और मैं मेले के लिए तैयार हो रहा था, तब मम्मी को पता चला कि मैं स्कूल नहीं गया हूं।





मम्मी ने पूछा- आज स्कूल क्यों नहीं गया ?
मैंने कहा- मुझे मेले में जाना है। 
मम्मी ने कहा- स्कूल तेरा बाप जाएगा ?
मैंने कहा- वो मुझे नहीं पता।
मम्मी ने कहा- तूने स्कूल की छुट्टी की ठीक है, मगर तू मेला नहीं जाएगा।
मैंने कहा- क्यों नहीं जाऊंगा ?
मम्मी ने कहा- अगर हिम्मत है तो जाकर देख ले। 
मैंने कहा- ठीक है।

मैं कपड़े पहन तैयार होकर दोस्तों का इंतजार करने लगा। तब एक दोस्त आया ही था कि मम्मी ने चप्पल घूमा के मेरे सिर पर खींच दिया। मैं भागने वाला ही था कि दूसरा भी पड़ गया। इतने में मैं जोर से चिल्लाया और रोने लगा। करीब दो-ढाई सौ मीटर मैं भागा ही होगा रोते-रोते कि मम्मी ने मुझे पकड़ लिया। उसके बाद जो हुआ मत पूछो!





करीब 20 से 25 मिनट मुझे मम्मी ने इतना मारा और पीटा कि मैं बेहोश हो गया। उसके बाद मम्मी ने मेरे मुंह में पानी के छीटे मारे और मुझे पानी पिलाया। मैं होश में आ गया मतलब आज तक होश में ही हूं। पहले बचपन में भाई के कारण मैं मां का दूध सही से नहीं पी पाया और उसके बाद इस मार ने मुझे मम्मी से काफी दूर कर दिया। 

मगर कभी-कभी मैं सोचता हूं कि अगर मम्मी की वह मार नहीं पड़ी होती तो क्या मैं इतनी बुराइयों से बच पाता! शायद वह मार नहीं पड़ी होती तो मैं एक बिगड़ैल बच्चा बन जाता जो नशा, चोरी, बदमाशी और मारपीट से ग्रस्त हो चुका होता और किताबों से मेरा दूर-दूर तक का वास्ता खत्म हो चुका होता। और शायद आज मैं आपको यह किस्सा नहीं सुन रहा होता। 

मेरा व्यक्तिगत मानना है- बच्चों को बचपन में ही गलत और सही का ज्ञान सीखाना जरूरी है। चाहे उसके लिए अभिभावकों को उन्हें डांट-फटकार और मारपीट करने ही क्यों ना पड़े, सभी अभिभावकों को करनी चाहिए।


                                                            - दीपक कोहली

29 August 2025

धन से कई गुना ताकतवर होती है 'शिक्षा'


आज सभी लोग धन कमाने के लिए दौड़-भाग कर रहे हैं या धन के पीछे पागल हुए जा रहे हैं। लोगों ने शिक्षा को भी धन कमाने का एक जरिया मान लिया है, जबकि शिक्षा, धन से कई गुना ताकतवर होती है। शिक्षा हमें वह सब कुछ दिला सकती है, जो हम धन से नहीं खरीद सकते हैं। उदाहरण के लिए हम भले ही कितने ही अमीर क्यों ना हो जाए, ज्ञान और आत्मविश्वास को हम बिना शिक्षा से प्राप्त नहीं कर सकते है। इसलिए हम सभी को अपने जीवन में धन के बजाय शिक्षा को सर्वोच्च स्थान देना चाहिए।




मैंने महसूस किया है अधिकांश दलित, पिछड़े और गरीब लोग शिक्षा को वह महत्व नहीं देते, जितना धन को देते है। धन भले ही आप के परिवार को दो वक्त की रोटी और अच्छा घर दिला सकता है, मगर बिना शिक्षा के धन को बचा पाना मुश्किल है। मैं आपको अपने दोस्त सौरभ वर्मा के परिवार की कहानी बताता हूं। सौरभ के पापा और चाचा दो भाई थे और दोनों में खूब प्रेम था। दोनों का सोने-चांदी के साथ-साथ ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय था। एक दिन अचानक सौरभ के पापा की मृत्यु हो गई। दोनों परिवारों में टकराव आ गया और दोनों परिवार अलग-अलग हो ग‌ए। सौरभ के बड़े भाई ने अपना खुद का सोने-चांदी का काम शुरू कर लिया और दूसरे भाई ने टैक्सी लेकर टैक्सी चलाना शुरू कर दिया।


सौरभ के चाचा के तीन बेटे थे और तीनों ही ज्यादा पढ़े लिखे नहीं थे। सौरभ के चाचा ने अपने एक बेटे को अपने साथ रखकर सोने-चांदी का काम सिखाया और दो बेटों को ट्रांसपोर्ट वाले व्यवसाय में लगा दिया। सौरभ के चाचा ने अपने बड़े बेटे की शादी की और शादी में खूब दहेज मिला यानी एक-दो गाड़ियां भी मिली। इसके बाद सौरभ के चाचा के बेटे ने अपनी खुद की सोने-चांदी की दुकान खोल ली।




इस दौरान सौरभ के चाचा के बेटे को किसी दूसरी लड़की से भी प्रेम हो जाता है और उसको बिना ब्याह घर ले आता है। शादी टूट जाती है और सौरभ के चाचा को बेटे की शादी में मिले दहेज को वापस करना पड़ता है। यूं कहे तो उनका यही से डाउनफॉल शुरू होता है। एक दिन अचानक सौरभ के चाचा के बड़े बेटे ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। लोग कहते हैं कि उसकी गर्लफ्रेंड ने उसे जहर दे दिया था, मगर सच्चाई क्या है आज तक किसी को नहीं पता चल पाया।

सौरभ के चाचा का एक बेटा मर चुका था और ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े दो बेटे भी शराब के आदी हो चुके थे। आए दिन कुछ ना कुछ कांड करते रहते थे। कभी गाड़ी ठोक देना, कभी गाड़ी को खेतों में चढ़ा देना इत्यादि। व्यवसाय को सही से नहीं चला पाने के कारण ट्रांसपोर्ट के बिजनेस में सौरभ के चाचा को लगातार नुकसान होता जा रहा था। फिर क्या था एक बेटा पागल हो गया। कुछ दिन बाद सौरभ की चाची का देहांत भी हो गया। अब सौरभ के चाचा अकेले पड़ गए और घर की परिस्थितियों को देखकर उनका भी हौसला टूटने लगा। बिगड़ी हालातों को देखकर सौरभ के चाचा को अपने ट्रांसपोर्ट वाले व्यवसाय को धीरे-धीरे कम करना पड़ा।

स्थानीय लोगों को लगता था कि यह व्यक्ति पूरे क्षेत्र में सबसे अमीर है, मगर हकीक़त यह थी कि उसने लोन के सहारे ट्रांसपोर्ट का बिजनेस शुरू किया था। इतना ही नहीं स्थानीय लोगों ने सौरभ के चाचा की दुकान से जो गहने व जेवरात बनाए थे उनमें भी मिलावट की शिकायत आने लग गई। कहते है ना जो जितना अमीर होता है, वो उतना ही भ्रष्ट होता है। एक दिन अचानक सौरभ के चाचा का भी देहांत हो गया।





एक जमाना हुआ करता था सौरभ के चाचा पूरे क्षेत्र में सबसे अमीर माने जाते थे। जिनकी 8-10 बसें चलती थी और पूरे क्षेत्र में उनकी सोने की दुकान बहुत ही फेमस थी। मगर कहते हैं ना अगर आप ज्यादा कमाने के चक्कर में मिलावट करेंगे और गलत तरीके से कमाने की कोशिश करेंगे तो एक दिन आपका सब कुछ खत्म हो जाएगा।

इतना ही नहीं अगर सौरभ के चाचा अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा प्रदान करते तो शायद उनका ट्रांसपोर्ट वाला बिजनेस बच जाता और इसके अलावा उनके बच्चे कोई दूसरा काम या नौकरी भी कर सकते थे। ज्यादा कमाने की लत, मिलावट करने की आदत और शिक्षा से ज्यादा धन को तवज्जो देने के कारण आज सौरभ के चाचा का परिवार लगभग समाप्त है। वर्तमान में सौरभ के चाचा के परिवार में सिर्फ एक बेटा और एक बहु और दो बच्चे हैं। धन के साथ शिक्षा का भी उतना ही महत्व है, जितना हमारे लिए ऑक्सीजन के साथ पानी का होता है।

- दीपक कोहली



22 November 2022

कितनी शर्म की बात है ?




हमारे देश में जब भी कोई बलात्कार, रेप, उत्पीड़न और हत्या या अन्य मामले सामने आते हैं तो हम सबसे पहले आरोपी और पीड़ित/पीड़िता की जाति और धर्म देखते हैं या फिर खोजने लगते हैं। हद तो तब हो जाती है, जब हम किसी महिला के साथ हुए बलात्कार को भी धर्म और जाति के चश्मे से सही ठहराने लग जाते हैं। हाल ही में गुजरात सरकार ने रेप और हत्या के कई आरोपियों को रिहा किया। इतना ही नहीं बल्कि उन आरोपियों का फूल मालाओं के साथ स्वागत भी हुआ। तब हमारा पूरा समाज चुप था। कल और हत्या एक मामला सामने आया है, जिसमें आरोपी ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर उसके शव को कई भागों में काटकर अलग-अलग जगह फेंक दिया। यह पूरी घटना बेहद ही शर्मसार और हृदय को डरा देने वाली है। इस पूरी घटना के सामने आने के बाद से कुछ सोशल मीडिया के नफरती चिंटू और किसी विशेष पार्टी के समर्थक इस पूरे मामले को धर्म का संप्रदायिक रंग चढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। जिससे आरोपी के धर्म और समाज के खिलाफ नफरत फैलाई जा रही है। इस पूरे नफरत और घटना को लेकर सवाल उठता हैं- क्या इस तरह से किसी एक समाज के खिलाफ नफरत फैलाना सही है ?

एक भारतीय होने के नाते हमें शर्म आनी चाहिए कि हम हर घटनाओं में आरोपी और पीड़ित/पीड़िता का धर्म, जात और मजहब देखकर अपना मत या समर्थन सोशल मीडिया पर प्रकट करते हैं। क्या एक शिक्षित नागरिक होने के नाते हमें रेप, बलात्कार, हत्या और शोषण जैसे मामलों में आरोपी और पीड़ित / पीड़िता का धर्म और जात देखनी चाहिए ? इस तरह के व्यवहार से हम कैसे समाज का निर्माण करेंगे ? क्या हम भारतीयों में न्याय और दया का भाव भी धर्म के आधार पर तय हो रहा है ? आखिर हम हर मामले को धर्म, जात और मजहब से जोड़कर क्यों देखते हैं ?

भारत की आजादी में हर समाज, हर जाति और हर मजहब के लोगों का योगदान रहा है। इसलिए हम सभी को किसी भी प्रकार की घटना या मुद्दे को धार्मिक और जात के चश्मे से नहीं देखना चाहिए। जब हम किसी घटना को जात और धर्म से जोड़ कर देखना शुरू करते हैं, तब हम अपने समाज में नफरत और दूरियां पैदा करते हैं। एक समाज के लिए नफरत और दूरियां सही नहीं है। समाज तभी समाज है जब उसमें भाईचारा, एकता, अखंडता और देशभक्ति मौजूद हो। हर घटना और मुद्दे पर हमें आरोपियों के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए, मगर हमें आरोपी की जाति और धर्म देखकर उसका समर्थन और विरोध नहीं करना चाहिए। किसी भी आरोपी की कोई जात, कोई धर्म और कोई मजहब नहीं होता है क्योंकि आरोपी ना इंसान की श्रेणी में आता है और ना ही वह किसी मजहब और धर्म का सगा होता है।


- दीपक कोहली