साहित्य चक्र

03 January 2023

भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए क्या जरूरी है ?

वर्तमान में जिस तरीके से समस्त विश्व में आर्थिक मंदी आ रही है, वह आने वाले भविष्य के लिए बेहद चिंताजनक है। आज मानव समाज शिक्षा और आधुनिकता की ओर बहुत तेजी से बढ़ रहा है, मगर हमारा समाज यह भूल रहा है कि बिना कृषि, पर्यावरण और प्रकृति के बिना उसका जीवन चलना संभव नहीं है। भारत सदियों से एक कृषि प्रधान देश रहा है। भारत की जनसंख्या दुनिया में लगभग दूसरी सबसे बड़ी जनसंख्या है। दुनिया के अन्य देशों की जनसंख्या भारत के मुकाबले बेहद कम है। भारत की आने वाली पीढ़ी जिस तेजी से कृषि से दूर होती जा रही है, वह भारत के भविष्य पर प्रश्नवाचक चिन्ह लगाते हैं ? 





आज भारत में रोजगार का संकट है। बेरोजगारी और महंगाई अपनी चरम सीमा पर है। गांवों में रोजगार के नाम पर नील बट्टा शून्य दिखाई देता है। हर युवा खेती, किसानी छोड़ शहरों में छोटी-छोटी नौकरियां करना पसंद कर रहा है। ऐसे में सवाल उठने लगे हैं कि अगर युवा खेती और किसानों की तरफ नहीं जाएंगे तो भारत का भविष्य कैसा होगा ? 

करीब 140 करोड़ की जनसंख्या को दो वक्त की रोटी उपलब्ध करवाना भारत के लिए बेहद चुनौती पूर्ण है। खाद्य सामग्री की आपूर्ति करने के लिए हमारी सरकार हर साल अरबों-खरबों रुपए खर्च कर बाहरी देशों से खाद्य सामग्री मंगवाती है। आज हमारे देश में किसानी और खेती जिस तेजी से कम हो रही है, इसके लिए ना सिर्फ आम जनता जिम्मेदार है बल्कि हमारी सरकारें भी जिम्मेदार हैं। सरकार अपने संसाधनों के लिए करोड़ों खर्च करती है, मगर देश में किसानों और खेती को बेहतर बनाने के लिए सरकार के पास कोई बड़ी योजना नहीं दिखाई देती है।


वक्त रहते हमारी सरकारें कृषि के क्षेत्र में ध्यान नहीं देगी तो आने वाले समय में भारत की अर्थव्यवस्था डामाडोल हो सकती है। ग्रामीण क्षेत्र से हमें पलायन को रोकना होगा, युवाओं को गांव में ही रोजगार मुहैया कराने की कोशिश करनी होगी और खेती को खत्म होने से बचाना होगा। इसके अलावा मशीनी तकनीक का  कम इस्तेमाल कर, मानवीकार्य शक्ति पर जोर देना होगा। आज किसी सड़क को बनाने के लिए ज्यादा मैन पावर की जरूरत नहीं पड़ती है क्योंकि तकनीक के सहारे कम मैन पावर में बेहतर काम किया जा सकता है। मशीनी तकनीक के कारण लोगों से रोजगार छीने हैं। जहां पहले सड़क हाईवे इत्यादि चीजें बनाने में अधिक लोगों को रोजगार मिलता था। आज बहुत कम लोग सड़क हाईवे निर्माण में रोजगार प्राप्त कर पाते हैं।


भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए जनसंख्या पर नियंत्रण करना भी उतना ही जरूरी है, जितना जरूरी कृषि क्षेत्र में काम करने की है।  जनसंख्या नियंत्रण के लिए सरकार को कठोर कदम उठाने की जरूरत है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंख्या रोकथाम को लेकर जागरूक अभियान और छोटे-छोटे कार्यक्रम करने की सख्त जरूरत है।


                                           - दीपक कोहली




No comments:

Post a Comment