साहित्य चक्र
Showing posts with label राजनीति. Show all posts
Showing posts with label राजनीति. Show all posts

06 November 2025

बिहार में होगा तेजस्वी उदय!


हमारे देश में हर साल किसी न किसी राज्य में चुनाव होते हैं। मगर जब भी यूपी और बिहार में विधानसभा चुनाव होते हैं तो पूरे देश में चर्चा होती है। क्योंकि ये दोनों राज्य जनसंख्या की दृष्टि से बहुत बड़े हैं। और राजनीतिक विशेषज्ञ मानते हैं कि इन राज्यों के विधानसभा चुनाव देश की राजनीति तय करती है। 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में आरजेडी यानी राष्ट्रीय जनता दल सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभर कर आई थी। 






इस चुनाव में तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर नीतीश कुमार और अमित शाह को पानी पिला दिया था। एक तरफ युवा तेजस्वी तो दूसरी तरफ अपार अनुभव से भरे दिग्गज राजनेता थे। कहा जाता है कि बिहार विधानसभा चुनाव-2020 में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन के कारण तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनते-बनते रह गए।

इस बार महागठबंधन और एनडीए में सीट बंटवारे से लेकर मुख्यमंत्री पद‌ को लेकर काफी खींचतान देखने को मिल रही है। महागठबंधन ने तेजस्वी यादव को अपना मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित कर दिया है जबकि एनडीए ने अभी साफ नहीं किया है कि उनके मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही होंगे। हां एनडीए का कहना है कि नीतीश कुमार के चेहरे पर ही वह चुनावी मैदान में है। बाकी तो चुनाव परिणाम बताया कौन मुख्यमंत्री बनता है और राजनीति क्या मोड़ लेती है।

मुख्यमंत्री के सबसे लोकप्रिय चेहरे के तौर पर तेजस्वी यादव पिछले एक साल से लगभग हर सर्वे में शीर्ष स्थान पर दिखाई देते हैं। मगर सवाल है क्या तेजस्वी की लोकप्रियता राष्ट्रीय जनता दल को वोट दिला पाएगी ? या नीतीश का अनुभव तेजस्वी उदय को होने से पहले ही एक बार फिर रोक देगा‌ ? नीतीश पिछले 20 सालों से बिहार की राजनीति में अपना किला बनकर बैठे हैं। चाहे कोई पार्टी कितनी ही सीट जीत जाए, मगर बिना नीतीश चच्चा के सत्ता पाना पिछले 20 सालों से असंभव हुआ है। 

अभिमन्यु की तरह तेजस्वी रोजगार, पलायन और विकास के मुद्दों के साथ अपने रथ को विजयी की ओर लेकर तो जा रहे है। मगर राजनीतिक युद्ध के महारथी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और गृहमंत्री अमित शाह के साथ पूरी एनडीए तेजस्वी का राजनीतिक वध करने में लगे हुए हैं। ऐसे में देखना होगा क्या तेजस्वी अभिमन्यु की तरह मारे जाएंगे या फिर एनडीए के चक्रव्यूह को भेद कर अपनी राजनीतिक कौशल का परिचय देंगे।


                                                 - दीपक कोहली

19 December 2024

भारत का अंधकारमय भविष्य!




कभी-कभी मुझे ऐसा लगता है कि भारत का भविष्य अंधकार में है। यह मैं इसलिए कह रहा हूं क्योंकि मुझे वर्तमान में भारत वैचारिक रूप से विकलांग नजर आ रहा है।  हम अपनी जनसंख्या वृद्धि नहीं रोक पा रहे हैं और लगातार कम होते जंगलों को नहीं रोक पा रहे हैं और इसके अलावा हमारे देश में लगातार खेती कम होती जा रही है।  इतना ही नहीं बल्कि धार्मिक वैचारिकता भी हमारे देश से गायब होती दिखाई दे रही है। आज हमारे तथाकथित साधु संतों ने धर्म को व्यापार बना दिया है। एक वक्त हुआ करता था जब भारतीय समाज आर्थिक, वैचारिक और धार्मिक रूप से काफी समृद्ध था। मगर वक्त की सुई ने भारत से ये सब छीन लिया है। भारतीय समाज से सुकून गायब हो गया है। हर व्यक्ति पैसे के पीछे पागल है और अंधाधुंध पैसा कमाने के बावजूद भी लोगों को शांति नहीं मिल पा रही है। क्या कारण है कि आज भारतीय समाज भटका, बंटा और अस्वस्थ नज़र आता है। शायद हमारे समाज ने मेहनत करना बंद कर दिया है या फिर इन आधुनिक तौर-तरीकों और संसाधनों ने हमें बिगाड़ दिया है। मैं दावे के साथ कहता हूं कि आज भारत का कोई भी घर ऐसा नहीं होगा जहां महीने में कम से कम 200-500 की दवाई नहीं आती होगी। अगर नहीं आती है तो वह सिर्फ मजदूर या गरीब होगा जो बीमारी का इलाज नहीं कर सकता है या फिर वह बीमारी को सीरियसली लेता ही नहीं है।

खैर! भारतीय समाज जिस दिशा की ओर आगे बढ़ रहा है उस दिशा को देखकर मुझे सामने सिर्फ अंधकार नज़र आता है। उस अंधकार को देखकर मुझे डर लगता है कि कहीं हम अपनी धार्मिक, पौराणिक और आर्थिक समृद्धि को ना खो दें। भारतीय समाज से सामाजिक चिंतन खत्म हो गया है। जातिवाद और पूंजीवाद की खाई गहरी हो गई है। कभी जो भारत प्रकृति का धनी था, वह लगातार प्रकृति‌ विनाश कर अपनी कब्र खोद रहा है। वह दिन दूर नहीं जब हिंदू समाज को अंतिम संस्कार करने के लिए लकड़ी तक उपलब्ध नहीं होगी क्योंकि जिस तेजी से भारत से जंगल खत्म हो रहे हैं उससे तो यही लगता है।

बाकी सोशल मीडिया के इस दौर ने लगभग हर भारतीय को आलसी, अय्याश और नचनिया बना दिया है। सामाजिक और सांस्कृतिक जागरूकता के नाम पर हम सिर्फ सोशल मीडिया पर सकारात्मक पोस्ट कर या स्टेटस लगाकर अपनी आत्मा को संतुष्टि दे रहे हैं। आगामी वर्ष में एक विशाल धार्मिक मेला लगने वाला है। इस मेले को कभी धार्मिक, सामाजिक और आर्थिक चिंतन के रूप में देखा जाता था, मगर आज इसे सिर्फ नहाने का उत्सव बना दिया गया है। वैसे यह मेला पवित्र नदियों के संगम किनारे आयोजित होता है, पवित्रता तो दूर की बात संगम में नदियां नाले जैसी हो गई है। कभी जिन साधु संतों के ऊपर सामाजिक, आर्थिक और धार्मिक चिंतन की जिम्मेदारी थी, आज वह साधु संत सिर्फ धर्म के नाम पर अपने एशो-आराम पूरे कर रहे हैं। भारत की इस विकट स्थिति को देखकर मैं गंभीर चिंता में हूं। मेरी यह चिंता आपको जायज लगती है या नहीं! मुझे नहीं पता, मगर आप एक भारतीय हैं तो मैं यह विश्वास के कह सकता हूं कि आप अपने सामाजिक, आर्थिक और धार्मिक चीजों से संतुष्ट नहीं होंगे।

                          - दीपक कोहली