साहित्य चक्र
Showing posts with label हिंदी कविताएँ. Show all posts
Showing posts with label हिंदी कविताएँ. Show all posts

23 November 2026

आज की प्रमुख रचनाएँ- 24 नवंबर 2026




ग़म नहीं है,पर ख़ुशी भी नहीं है....

बदला कुछ भी नहीं मगर,
पहले सा भी मौसम नहीं है।
बंजर नहीं हुई ये ज़मीं,
पर बहारों का भी आलम नहीं है।

ग़म नहीं है मुझे,पर ख़ुशी भी नहीं है....

कहने की ख़्वाहिशें कम नहीं हुईं,
पर ज़ाहिर करने का दम नहीं है।
ऐसा नहीं कि भूल गया अल्फाज़,
पर शेरों-शायरी का अब वहम नहीं है।

ग़म नहीं है मुझे,पर ख़ुशी भी नहीं है....

छोड़ी भी नहीं,न अपना रखी मुझे,
इस हाल की आदत मुझे जानम नहीं है।
न बेवफा हो तुम,न वफादार कहूं तुम्हें,
क्या करूं अब ये पता,मेरे सनम नहीं है।

ग़म नहीं है मुझे,पर ख़ुशी भी नहीं है.....

- कुणाल


*****


मंज़िल दूर है तो क्या, कदम तो बढ़ाया है,
घने अँधेरों में ही सही, एक दीप जलाया है।
लक्ष्य तक आज पहुँच न सके, तो मलाल कैसा,
राह पर चलते रहना ही, क्या कम कमाल है !
सब कुछ एक दिन में हासिल हो, ज़रूरी तो नहीं,
आज जितना कर पाए हैं, वो भी कम तो नहीं।
शुरुआत ही तो कल की जीत है,
बूँद-बूँद से ही तो सागर की पहचान होती है।
थके हैं पाँव तो कुछ पल ठहरकर मुस्कुरा लो,
जो किया है आज, उस पर खुद को शाबाशी दे डालो।
न कल की चिंता में आज को उदास होने देना,
न अधूरेपन के बोझ से हौसलों को खोने देना।
कल फिर नई सुबह होगी, नए इरादे जगेंगे,
आज के छोटे-छोटे प्रयास ही, कल रंग लाएँगे।

- नरेंद्र मंघनानी


*****


जब खुशियां ने दी दस्तक


जब खुशियों ने दी दस्तक, तब तुम ही नहीं रही
जब थे मेरे मुश्किल हालात, तब तुम संग में रही
फिर अचानक ये बदलाव, तुम में कैसे आ गई
कि, खुशियां छोड़ तुम, चले गई बिना कुछ कही ?

ये बातें अजीब लगने लगी है, मुझको अब भी
कि छोड़ जाने को मुझे, कुछ ऐसा ना था कभी
तेरे ही मन के मुताबिक हेतु, कठिन मेहनत मैंने की
फिर ये अचानक तुझे सफलता मिलते ही, तोड़े मेरे रिश्ते सभी।

एक पल को भी सोची नहीं कि निज पति का योगदान
कि तेरे पढ़ाई हेतु, किये कितने ही संघर्ष और दिये है बलिदान
आज अच्छे पद जो मिले है तेरे, उसमे अकेले तू ही नहीं
तेरे पति को भी था, बहुत सारा खुशी और अभिमान।


लेकिन तुम तो निज मेहनत को ही अकेले रही देखती
अपने पति को अब तुम शायद, बेवकूफ हो समझती
जाओ तुम अपनी दुनिया मे खुश रहो, यही है दुआ
लेकिन याद रखना मेरे बगैर,तुझे सफलता नही मिलती।

- चुन्नू साहा


*****



शायद वो नहीं

आज जो बन गई, वो तो नहीं
किसी जोगी का जोग तो नहीं
बतर से बतर होते देखा खुद को
किसी रोगी का रोग तो नहीं
यादों से कैसे निकल जाए?
समझाने को कोई नहीं
किसको समझाए ?
अपने रोग की कौन सी
दवाइ कराए ?
हारी है वो हर जीती महफिल
अब कहाँ से खुद को लाए ?


- रिशीता सिंह


*****


रोशनी

अंधेरे का शरीर पहले फैला
रोशनी छिपकर समा गई।
जैसे बच्चे आते हैं
गर्भ को तोड़कर धरती-आसमान में
वैसे ही रोशनी आई
बड़े अंधेरे को पकाकर शुरुआती-खुलासे में।
मुख्य रूप से आँसू आते हैं
रोना रहता है
मुख्य धरती-संबंध में।
हँसी बाद में आती है।
आँसू जमा होते हैं
हँसी के मोती दिखाई देते हैं
बहुत दुख के बाद
खुशी की एक बूँद।
सिर्फ़ कभी न खत्म होने वाला
खुला अंधेरा रह जाता है
इसकी न कोई शुरुआत है और न कोई अंत।
फिर भी रोशनी सच है
तो इस बेहोशी में
बहुत बड़े अंधेरे में
कठोर अज्ञान में
बहुत अंधेरे में
रोशनी का मज़बूत बचाव।

- निर्मल रॉय


*****


नन्हे सपनों का संसार

नन्हे हाथों में छिपे,
सपने लाख हजार।
छोटी-छोटी आँख में,
बसे बड़ा संसार॥

पापा की उँगली पकड़,
चलता नन्हा लाल।
राह भले ही हो कठिन,
लगता सब खुशहाल॥

माथे टीका लाल है,
मुख पर हंसी प्यार।
घर-आँगन में खिल उठे,
जैसे नई बहार॥

खेल खिलौने से करे,
कभी मचाए शोर।
नन्हे की मुस्कान से,
खिलता घर का छोर॥

पापा के कंधे चढ़े,
देखे सारा गाँव।
नन्हे मन में बस रहे,
कितने नए पड़ाव॥

छोटी-छोटी बात पर,
हँसता खिलखिलाय।
उसकी मीठी बोलियाँ,
घर उत्सव बन जाय॥

नन्हे पग की आहटें,
खुशियों का संदेश।
बच्चों से ही खिल उठे,
घर-आँगन परिवेश॥

चिड़िया जैसी कल्पना,
तितली जैसे रंग।
बच्चों के संसार में,
खुशियों के बहु ढंग॥

मिट्टी, पानी, फूल से,
सीख रहा व्यवहार।
बचपन सबसे सुंदर,
जीवन का उपहार॥

प्यार मिले तो बालमन,
खिलता बनकर फूल।
बचपन को मत बाँधिए,
प्रेम रहे अनुकूल॥

- डॉ. प्रियंका सौरभ


*****


दीपक छोटा ही सही तम है दूर भगाता

तुम तो जाहिर है कुछ कहते नहीं
हम ही हैं जो मन की कह लेते हैं
हमारा दिल दुखाने में कोई नहीं है पीछे
पर हम हैं कि चुपचाप सह लेते हैं

मयस्सर नहीं दो वक्त की रोटी जिसको
वह भी तो किसी तरह इस दुनियां में हैं जी लेते
इज्ज़त आबरू कुछ नहीं गरीब की
लाचारी हैं कड़वा घूंट हैं पी लेते

आजकल चुप रहना भी हो गई है आम बात
नहीं समझता कोई दूसरे के दिन के जज़्बात
सच्चाई के साथ आज कोई खड़ा नहीं होता
समय आने पर पता चल जाती है सबकी औकात

दीपक छोटा ही सही तम है दूर भगाता
दुनियां को रास्ता दिखाना ही तो उसको है आता
घबराना नहीं सीखा उसने तूफानों से भी
तेल जब तक रहता है उसमें जलता है जाता

- रवींद्र कुमार शर्मा


*****


मूक बना यहाँ विद्वान

कैसा दिन दिखलाये, आज भगवान ।
धरा पे पीटा रहे हैं, जहाँ इन्सान ॥
शरीफों की नहीं, यहाँ पे कद्रदान ।
मस्ती में पागल है, यहाँ पे बेईमान ॥

कैसा दिन दिखलाये, आज भगवान ।
मर्यादा जग से हो गई, गुमनाम ॥
शराफत झेल रहा, नित्य अपमान ।
धुर्तों की बन गई, ये सारे जहान ॥

कैसा दिन दिखलाये, आज भगवान ।
नारी जाति है जहाँ पर, परेशान ॥
दुःशाषण घुम रहे हैं खुले, सरेआम ।
बेशरमों की खुल पड़ी है, दुकान ॥

कैसा दिन दिखलाये, आज भगवान ।
बेईज्जत बेआबरू होते, जहाँ विद्वान् ॥
कैसे बचे ईमान, यहाँ पे, हे। राम ।
तांडव कर रहे हैं, जहाँ पे हैवान ॥

कैसा दिन दिखलाये, आज भगवान ।
लुप्त हो गये धरा से, मान सम्मान ॥
ठहाका लगा रहा है, दुनियां के शैतान ।
मूक दर्शक बन बैठा, मौन ज्ञानवान ॥

- उदय किशोर साह


*****


ठहरने वाले, अब कहाँ ठहरते हैं ?

ठहरने वाले, अब कहाँ ठहरते हैं?
ज़रा आप ही बताओ,
क्या ऐसा नहीं है ?
आते हैं, चाय पीते हैं, और चले जाते हैं...

पहले, लोग, रुकते थे,बात करते थे
दु:ख, बाँटते थे,अब, लोग आते हैं,
मोबाइल देखते हैं,चाय पीते हैं
और, बिना कुछ कहे, चले जाते हैं,

चाय तो, अब भी, वैसी ही बनती है,
वही, पत्ती, वही चीनी, वही, दूध है साहब!
बस, पीने वाले, बदल गए,
पहले, चाय के साथ, दिल खुलता था,
और अब,चाय के साथ,सिर्फ़ कप खाली होता है,

मेरे एक मित्र ने, पूछा-
क्या हुआ, उदास क्यों हो?
मैंने कहा- कुछ भी नहीं,
बस, चाय ठंडी हो गई,
और, ठंडी चाय, किसको पसंद है?

आख़िर सच तो ये है भाई-
लोग,चाय पीने नहीं आते,वक्त बिताने आते हैं,
और, वक्त बीत जाने पर,
मौका देखकर खुद ब खुद चले जाते हैं,

मेरा तो मशबरा ये है जनाब!
अब, किसी के ठहरने का, इंतज़ार मत करो,
जो ठहरना चाहता है,
वह, बिना चाय के भी, ठहर जाता है,
और, जो जाना चाहता है,
वह, चाय पीकर भी, चला जाता है...

ठहरने वाले, अब कहाँ ठहरते हैं?
वह, तो अब, यादों में ठहरते हैं,
या कभी, किसी पुरानी गली में,
कभी, किसी पुराने गाने में,
और तो और कभी,
किसी अधूरी चाय के, आखिरी घूँट में...

- बाबू राम धीमान


*****


इक दिन जाएगा

जो आया है जग में वो इक दिन जग से जाएगा,
सब रह जाएगा यहीं अच्छा कर्म ही साथ जाएगा।

हर एक अभिनेता हैं इस प्रभु के चलचित्र का,
अपने हिस्से का अभिनय करके चला जाएगा।

यहाँ अमीर गरीब सदा कोई नहीं रह पाएगा,
रिज़्क़ खत्म तब वो फिर जहाँ से चला जाएगा।

न दौलतें याद रहेगी न शोहरतें याद रहेंगी,
याद गर कुछ रहा तो मुहब्बते तब्बुस्सुम आएगा।

कितनी सल्तनतें आई और तबाह हो मिट्टी हो गई,
बाँटा जिसने प्रेम वही दिलों पर राज कर जाएगा।

किसी को यूं ही वजह बेवजह न सताएं हम,
वरना उसका दर्द नासूर बन हमारे संग जाएगा।

मोहब्बत ही बनाती है जमीन को जन्नत,
नफ़रत का तूफ़ान तो हमेशा तबाही ही लाएगा।

हक़ किसी के दबा,न मयार ऊंचा कर अपना,
वो तेरी मेहनत की कमाई भी साथ ले जाएगा।

बस याद रहे जो आया है वो इक दिन जाएगा,
वरना किसी का बुरा कर्म उसी को रुलाएगा।

- राज कुमार कौंडल


*****


तेरे लिए

रात-रात भर मैं जागा हूँ,
तेरे उठने की आस में।
कहीं अचानक बात करे तू,
इसी मीठे एहसास में।

खिड़की से झाँकता चाँद भी,
मेरी बेचैनी को तकता है।
रात की खामोशी में अक्सर,
तेरा नाम ही गूँजता है।

तू जागी है, कुछ कह दे मुझसे,
तेरे रहते कैसे सो जाऊँ?
तेरी बातों की चाह लिए,
मैं रात भर यूँ ही जागा हूँ।

हूँ किस्मत वाला तेरे लिए,
तेरे पास हमेशा रहता हूँ।
कहीं कोई पल चूक न जाऊँ,
तेरी आवाज़ सुनने से,
दिन हो या रात, मैं जागता हूँ।

कभी हवा की सरसराहट में,
तेरी आहट सुन लेता हूँ।
तेरी एक छोटी-सी आवाज़ पर,
सौ ख्वाबों में जी लेता हूँ।

मुझ-सा कौन होगा चाहने वाला,
खुद को भी खुशनसीब मानता हूँ।
मैं नहीं इस जग में अभागा हूँ,
तेरे लिए ही तो जागा हूँ।

- रोशन कुमार झा


*****


ज़िंदगी एक सफ़र है यादों का

​ज़िंदगी एक सफ़र है यादों का,
हर मोड़ पे कोई चेहरा मिलता है,
कुछ पल धूप से तपे-तपे से,
कुछ पल साँवरे-सी छाँव से,
​बीते बरस की किताबों में,
कुछ पन्ने नम, कुछ सुनहरे हैं,
जिन राहों पे हम चल आए,
उनके निशान अब भी गहरे हैं।
​अपनों की हँसी, बिछड़ने की टीस,
कच्ची मिट्टी की सोंधी खुशबू,
वक्त की रेत में फिसलते दिन,
दिल में बसी है वो एक आरज़ू,
​सफ़र थमता नहीं, चलता रहता है,
मंज़िलों से ज़्यादा क़ीमती है राहें,
यादों के सहारे जीते हुए,
हर शाम जगाती है नई चाह।

- डॉ. मुश्ताक़ अहमद शाह



*****


झूठ छिपाने के लिए, झूठ हजारों बोल।
सच्चाई जब सामने, खुल जाए सब पोल॥

चेहरे पर मुस्कान है, मन में छिपा विकार।
मीठे बोलों के तले, पलता छल व्यापार॥

धन, पद, यौवन देखकर, जागे मन में चाह।
सच्चे रिश्ते छूटते, स्वार्थ पकड़ता राह॥

परहित की बातें करे, भीतर भरा विकार।
कथनी-करनी बीच में, लंबा है विस्तार॥

घर की खुशियाँ छोड़कर, बाहर खोजे चैन।
मन के भीतर दोष हों, कटे न उसकी रैन॥

निष्ठा केवल शब्द है, जब मन हो बेईमान।
रिश्तों की हर डोर पर, पड़ जाता व्यवधान॥

पाप छिपे, छिपते नहीं, कर लो उपाय लाख।
समय स्वयं ही खोलता, कर्मों की सब साख॥

टूटे रिश्तों की व्यथा, कौन सुनेगा आज।
स्वार्थी मन के सामने, फीका हर अनुराग॥

संयम, सच, विश्वास से, रिश्ते पाते मान।
इनके बिन जीवन बने, केवल देह-मकान॥

- डॉ. सत्यवान सौरभ


*****


झलकारी ने लिखा साहस का विधान

झाँसी की धरा ने जन्मा, एक अदभुत वीर कहानी को,
झलकारी बाई नाम मिला, भारत की स्वाभिमानी को।
साहस उनकी ढाल बना था, निडर हृदय, तलवार हाथ,
देशभक्ति का दीप जला, लड़ी दुश्मनों से दिन व रात।

रानी लक्ष्मीबाई की 'संगिनी', रणभूमि में बनीं मिसाल,
शत्रु को भ्रमित कर दिखाया, वीरता में अद्भुत कमाल।
नारी सिर्फ कोमलता नहीं, नारी शक्ति, नारी अभिमान,
झलकारी ने अपने कर्मों से, लिखा साहस का विधान।

मिट्टी के प्रति समर्पण, आज भी हमें नव राह दिखाए,
स्वाभिमान एवं त्याग गाथा, हर पीढ़ी के मन में गाए।
उनको जयंती पे नमन वीरांगना, तेरी गाथा अमर रहे,
भारत माता के वीर सपूतों में, तेरा नाम उज्ज्वल रहे।

- संजय एम तराणेकर


*****


जनहित से जो दूर है, सत्ता उसके पास। 
लोकतंत्र के वृक्ष पर, सूख रहे विश्वास॥

प्रश्नों से घबरा उठे, दे धमकी हर बार। 
जनता उसके मौन में, लिखती नया विचार॥

राजधर्म को भूलकर, करे अहं का राज। 
जनता उसका दे बदल, सत्ता का अंदाज॥

जो जनता को जब दबा, समझे खुद भगवान।
समय उसी के सामने, खोलता सत्य ज्ञान॥

शासन सेवा के लिए, नहीं स्वयं का मान। 
जनसेवक उसको कहे, रखे जनों का ध्यान॥

झूठे वादों से भला, कब तक चले दुकान। 
सच की आँधी एक दिन, उड़ जाए अभिमान॥

जनमत कोई मौन ना, परिवर्तन की धार। 
अवसर पाकर काट दे, सत्ता का अहंकार॥

जनता जब है जागती, बदल दे राज-पाट। 
इतिहासों में दर्ज हो, जनशक्ति की बात॥

राजमुकुट की चमक से, मत कर जनता दूर। 
जनमत जब है जागता, सत्ता होती चूर।।

- डॉ. प्रियंका सौरभ


*****


थोड़ा बोर होना सीखिए

हर खामोशी को शोर से भरना ज़रूरी तो नहीं,
हर खाली पल में किसी को ढूँढ़ना ज़रूरी तो नहीं।

बोर हो रहे हो तो ज़रा बोर ही हो जाओ,
हर बार फ़ोन उठाकर ख़ुद से दूर क्यों हो जाओ?

बोरियत कोई बीमारी नहीं, एक एहसास है,
इसके भीतर छिपा तुम्हारे होने का एक राज़ है।

जब दुनिया की आवाज़ें थोड़ी कम हो जाती हैं,
तब भीतर की अनसुनी बातें सुनाई आती हैं।

कभी ख़ुद से मिलो, कभी ख़ुद में उतरकर देखो,
अपने मन के बंद दरवाज़ों को खोलकर देखो।

याद रखना, जब ख़ुद से मुलाक़ात होती है,
तभी तो कहीं न कहीं ख़ुदा से बात होती है।

दूसरों के विचारों से कब तक ख़ुद को भरोगे?
कभी ख़ामोश बैठोगे, तभी तो अपना कुछ गढ़ोगे।

तुम्हें बनाने वाले ने तुम्हें साधारण नहीं बनाया,
तुम्हारे भीतर भी एक नया संसार सजाया।

तो थोड़ा ठहरो, थोड़ा ख़ाली रहो,
हर पल व्यस्त रहने की ज़िद छोड़ो।

क्योंकि कभी-कभी कुछ न करना भी कमाल करता है,
इंसान जब ख़ुद के साथ होता है, तभी कुछ नया पैदा करता है।

- डॉ. माधवी बोरसे सिंह इंसा


*****


स्मृतियों का संसार

परिंदा उड़ गया, घरौंदा रह गया,
नीम की छाँव में सन्नाटा रह गया।
बैल बिक गए, खलिहान रह गया,
सूना पड़ा अब सारा मकान रह गया।

पुरखे छोड़ गए संसार,
चूल्हे की राख में उनकी निशानियाँ रह गईं।
वो चौपाल, वो किस्से, वो अपनापन,
सब बीते दिनों की कहानियाँ रह गईं।

तुम साथ ले गए दिल को,
मेरे पास बेजान-सी अपनी जान रह गई।
न नींद में सुकून, न जागने में चैन,
बस आँखों में तुम्हारी पहचान रह गई।

कभी लौटकर आना उन गलियों में,
जहाँ तुम्हारे कदमों के निशान रह गए।
लोग तो चले गए दुनिया से अपनी,
मगर उनके होने के प्रमाण रह गए।

- रोशन कुमार झा


*****


वो शादी ब्याह की रस्में

वो शादी ब्याह की रस्में, जो निभाई है जाती
अक्सर वो सब रस्में, हमसे ही है जुड़ी रहती
जो हमारे खुशियों को दुगुना करने में सहायक है होती
सभी जाति में, धर्म में अलग-अलग रस्में है होती।

लेकिन हर एक रस्में, पवित्र बंधन के साक्षी है होते
उबटन लगाने से, चुनरी ओढ़ने तक है होते
अग्नि के फेरे, कही शपथ, कही कुबूल है होते
लेकिन सभी का मकसद संग-संग निभाना है होते।

विदाई के वक्त की रस्में या आगमन जो है होता
दोनों ही पल में नम आंखें और खुशी है मिलता
दो अजनबी एक नयी शुरूआत जिदगी को है करता
बस आपसी सहयोग प्रेम और विश्वास का है होता।

हाथ जोड़कर, शीश झुकाकर आशीष है सबके लेते
खुली हवा में घूमने वाली दोनों अजनबी है होते
शादी में निभाये ये सब रस्में सीख हमें है देते
अब दोनों ही स्वछंद रहो मगर बंधन के रास्ते।

- चुन्नू साहा


*****


कल खो दिया हमने आज के लिए

कल खो दिया हमने आज के लिए
आज खो दिया हमने कल के लिए
आज की खुशी भी गंवा दी हमने
चैन फिर भी नहीं मिला एक पल के लिए

और अच्छे के लालच में
जो पास था वह भी गंवा दिया
दूसरों को अपना बनाने की चाह में
अपनों की भी दूर पहुंचा दिया

आज ही अपना यह जानते हुए भी
कल के लिए बुनते रहे सपने
पहुंच गए थे मंजिल के बहुत करीब
खींच कर ले गए वही दूर जो थे अपने

दुनियां में बहुत हैं जिनके पास कुछ नहीं
उसी में खुश है जो किस्मत से है मिला
जो भी मिला है वही काफी है
फिर किसी से क्या शिकवा कैसा गिला

कल आज के चक्कर में सब कुछ गंवा दिया
जो मिला था वह भी नहीं रहा याद
जिंदगी बीत गई इसी कशमकश में
जो पल मिले थे खुशियों के वह भी कर दिए बर्बाद

- रवींद्र कुमार शर्मा


*****


विषय- महुआ

औषधीय-गुणों का जिसमें भरा है ख़ज़ाना,
वैज्ञानिकों ने भी आज इसी-बात को माना।
इसका ‌बीज-छाल हर पत्ता भी है उपयोगी,
इसके निकलें हुये तेल से बनातें हम खाना।।

बनाई जाती है इससे ढ़ेर तरह की दवाईयाॅं,
जिससे ठीक होती है मरीज़ की बिमारियाॅं।
एक्जिमा मिर्गी बवासीर में होता है आराम,
ठीक होते है डायबिटीज़ रोगी और गठियाॅं।।

महुआ है इस उष्णकटिबंधीय पेड़ का नाम,
जिसे खीर पूरी हलुआ मिठाई में लेंते काम।
गैस‌-एसीडिटी एवं कमजोरी करता यह दूर,
त्वचा सम्बंधित रोगों में भी होता है आराम।।

टाॅनसिलाइटिस ब्रोंकाइटिस एवं लिकोरिया,
हृदय रोग मीनोरेजिया और यें पाॅलीयूरिया।
इनमें फायदेमंद होता महुआ फूलों का रस,
पायरिया मुॅंह-दुर्गंध और उसके बैक्टीरिया।।

मंदिरा बनाने में भी लेतें है इसका इस्तेमाल,
वैज्ञानिक नाम दिया मधुका-लोंगिफोलिया।
इससे मिलता आयरन प्रोटीन कार्बोहाइड्रेट,
फास्फोरस‌ फैट कैल्शियम चाहें हों पत्तियां।।

- गणपत लाल उदय


*****

एक टकराव पनप रहा है

यहाँ घुटन भरा अंधेरा युग झागदार
चाँदनी को काला कर रहा है,
बंदी रात के किनारे पर।
मैं हवा वाली ऊँचाई पर चल रहे
बीजाणुओं के बारे में
अंदाज़ा लगाने के लिए खड़ा हूँ।
यहाँ एक मौत भरी खामोशी है
लेकिन मुझे डर है।
अविचलित ब्रह्मांड ने
एक लगातार खुली आग का सपना देखा।
एक तूफ़ान और ज़्यादा क्रिस्टलाइज़ हो रहा है
और एक टकराव पनप रहा है।

निर्मल रॉय


*****


पुरुष होना आसान नहीं

वह हँसता है, मगर भीतर कितने तूफ़ान पालता है,
पुरुष है साहब, अपने हिस्से का दर्द भी चुपचाप टालता है।

कंधों पर घर, आँखों में सपने, जेब में जिम्मेदारियाँ रखता है,
अपनी अधूरी ख्वाहिशों को परिवार की खुशियों पर लिखता है।

थककर भी जो थकने का अधिकार नहीं जताता है,
टूटकर भी हर सुबह खुद को फिर से जोड़ लाता है।

उसकी आँखों का पानी अक्सर पसीने में ढल जाता है,
वह पिता हो, पति हो या बेटा, हर किरदार में बँट जाता है।

कभी पिता की लाठी, कभी माँ का अभिमान होता है,
कभी पत्नी का संबल, कभी बच्चों का आसमान होता है।

उसकी खामोशी को पत्थर दिल समझने की भूल न करना,
वह भी चाहता है कभी कोई उसके मन की थकान पढ़ना।

उसे भी चाहिए कोई कंधा, जहाँ वह बेफ़िक्र रो सके,
कोई पूछे बिना वजह भी, कि आज तुम कैसे हो?

सलाम उस पुरुष को, जो खुद जलकर घर रोशन करता है,
अपने हिस्से की धूप सहकर अपनों पर छाँव करता है।

पुरुष होना सिर्फ़ ताकत नहीं, संवेदनाओं का संसार है,
हर उस पुरुष को नमन, जिसके संघर्ष से परिवार आबाद है।

- डॉ. सारिका ठाकुर 'जागृति'


*****


कागज़ के चंद टुकड़े

लाश पिता की घर में पड़ी,
पुत्र के इंतज़ार में, हो रही थी अधसड़ी,
आया पुत्र तो नसीब हुई चिता,
ढेर राख का और धुंआ-धुंआ हुआ पिता।

लौटा घर बिस्तर पिता का टटोला,
कागज़ के चंद टुकड़ों से भरा,
मिला उसे चिथड़ा सा एक झोला।

टुकड़ा एक-एक वो खोल रहा है,
पढ़ रहा है पलट-पलट,
लग रहा है सामने बैठ पिता बोल रहा है।

सुबह शाम चूल्हे पर मां तेरी के जलते हाथ,
जलता- भुनता कुछ कहता हूँ उसको,
टाल देती है सुनती नहीं तेरी बुराई की कोई बात।

दबा देती है एक बटन बिजली का वो,
और टी.वी. बोलने लग जाता है,
सुनाता रहता है ये अपनी ही बस,
हमारे मन की कहाँ कुछ सुन पाता है।

टी.वी. पर सुनते है जब किसी बच्चे की तोतली आवाज़,
चश्में के पीछे छुपी ये टिमटिमाती नयन ज्योति,
मिलाते नहीं नज़रें भेद भ्रम का न खुल जाए,
उंघते खाँसते चार दीवारों से ही बात है होती।

कर देता है जो कभी-कभी तू,
फ़ोन पर वो पल भर की बात,
चैन सा आ जाता है दिल को जैसे,
दर्द भूल जाते हैं सारे आ जाती है
कुछ पल नींद उस रात।

नहीं असर अब दवा भी करती,
हैं जिन्दा अभी ये दर्द और चुबन ही बताते,
निगल रहा ये इंतज़ार का अजगर धीरे-धीरे,
खेलते संग वो पोता-पोती,
कुछ हम कहते कुछ बेटा बहू कह जाते।

खैर छोड़ अब इन दीयों में न तेल है न बची है बाती,
बुझने से पहले थोड़ा फड़फड़ा रहे हैं,
कागज़ के इन चंद टुकड़ो को हाले दिल है बताया,
जानते हैं ये बहुत कुछ,
आखिर यही तो हमारी सुनते रहे हैं।

- धरम चंद धीमान


*****


समन्दर

समन्दर को खंगालने निकला था मैं,
उसकी लहरों को ही देखता रह गया,
और... उसकी लहरें मुझे ही देखती रह गई,

मैं, निकला था,
उसके अंदर क्या है ? ये जानने,
उसके दिल में कितनी गहराई है ?
ये नापने, पर जैसे ही किनारे पर पहुँचा
उसकी एक लहर ने,
मेरे, पाँव छू लिए,
और मैं वहीं रुक गया...

समन्दर, कोई पानी नहीं है,
समन्दर, तो वह, शख़्स है,
जिसे, तुम! समझना चाहते हो,
और, लहरें... उसकी बातें हैं,
उसकी मुस्कान है,
उसकी नाराज़गी है,
उसका ख़्याल है...

मैं तो समन्दर को खंगालने निकला था,
पर उसकी लहरों ने,
मुझे ही खंगाल दिया,
मैं तो उसकी गहराई नापने गया था,
पर उसकी अथाह लहरों में,
मैं खुद ही डूब गया, गोते भ खाता रहा,

लोग, कहते हैं,
कि समन्दर बहुत गहरा है,
पर मैं, कहता हूँ -
समन्दर से ज़्यादा गहरी,
उसकी लहरें हैं,
क्योंकि समन्दर तो एक जगह ठहरा है,
पर लहरें हर बार,
नए अंदाज़ में आती हैं,
कभी धीरे से छूकर चली जाती हैं,
कभी ज़ोर से टकराकर,
सब कुछ बहा ले जाती हैं...

मैं उसकी लहरों को देखता रह गया,
क्योंकि हर लहर में,
मुझे उसका एक नया चेहरा दिखा,
एक लहर में वह हँसती हुई,
एक लहर में वह रूठी हुई,
एक लहर में वह ख़्याल रखती हुई,
और एक लहर में वह
ख़्याल, छिपाती हुई...

समन्दर को खंगालने निकला था मैं,
उसकी लहरों को ही देखता रह गया,
क्योंकि मुझे समझ आ गया,
जिसे समझना है,
उसे खंगालते नहीं,
उसे बस देखते हैं,
और देखते-देखते,
उसमें डूब जाते हैं...

और सबसे गहरी बात
मैं आज भी उसी किनारे पर बैठा हूँ,
जहां समन्दर, अभी भी, वहीं है,
लहरें अभी भी आ रही हैं,
बस मैं अब समन्दर को खंगालता नहीं,
मैं बस उसकी, लहरों को,
देखकर मुस्कुरा देता हूँ,
क्योंकि अब, मुझे, पता है,
लहरों में ही समन्दर छिपा है।

- बाबू राम धीमान



*****