साहित्य चक्र

31 December 2025

आज की प्रमुख रचनाएँ- 31 दिसंबर 2025






*****






हार में छिपी हुई विजय-
पिता का दिव्य पराजय-वरदान

जीवन के इस मर्म को
धीरे से समझना चाहिए-
कभी-कभी पिता को
अपने ही पुत्र से हार जाना चाहिए।

यह हार पराजय नहीं,
यह प्रेम का उत्सव है;
जहाँ पिता का अहं झुकता है,
वहाँ पुत्र का भविष्य विकसित है।

पिता जब पीछे हटता है,
तो आगे बढ़ता है उसका ही अंश;
उसकी आँखों में गढ़ी आशाएँ,
उसकी वाणी में पलता है वह संस्कार-संश।

पुत्र की हर विजय में
पिता का ही पसीना मुस्कुराता है;
उसके कदमों की आहट में
पिता का तप, त्याग, ज्ञान गूँज जाता है।

इसलिए पिता की हार में
छिपा कोई दुख नहीं होता-
यह तो वही दीप है
जो स्वयं पिघलकर भी
संसार को रोशन करता है।

और जब पुत्र ऊँचा उठता है,
तो पिता का हृदय और नम्र हो जाता है;
उसकी प्रसन्नता का सूर्योदय
उसी क्षण उग आता है।

क्योंकि सच तो यही है-
जहाँ पुत्र की प्रगति दिखती है,
वहीं पिता की सबसे बड़ी जीत छिपती है;
और इस दिव्य सत्य को जानकर
हर पिता मन ही मन कहता है-

“हाँ, मुझे अपने पुत्र से हारना चाहिए…
ताकि मेरी ही रगों का उजाला आगे बढ़ता जाए।”


- नरेंद्र मंघनानी


*****




माँ एक तू ही मेरी आंखों का तारा है

एक तू ही अंधेरों का सहारा है;
तेरे होने से ही मौसम ये प्यारा है;
एक तू ही मेरी आंखों का तारा है।

तू ही जग से निराली है;
तू ही मेरी पूजा की थाली है;
तू ही मेरी गंगा की धारा में;
एक तू ही मेरी आंखों का तारा है।

तेरी चरणों में जन्नत का जुनून है;
तेरी आंचल के छांव में ही सुकुन है;
तेरे होने से धरा पर गुजारा है;
एक तू ही मेरी आंखों का तारा है।

तू ही सूखी जमी पर बरसात हो;
तू ही मेरी जिन्दगी की जज्बात है;
तू ही जिंदाबाद की नारा है;
एक तू ही मेरी आंखों का तारा है।

तुतली जबान को बोलना सिखाया;
लड़खड़ाती पैरों को चलना सिखाया;
तेरी दुवाओं से चकाचौंध जग सारा है;
एक तू ही मेरी आंखों का तारा है।

तुझे खुश देखना ही मेरी जिम्मेदारी है;
तेरे लिए मेरी ज़िन्दगी बलिहारी है;
तेरी दुवाओं से नफस हमारा है;
एक तू ही मेरी आंखों का तारा है।


- सदानंद गाजीपुरी


*****




किसान की कहानी

मेरी किस्मत, मेरी करुणा, बड़ी कर्मठ है मेरी कहानी,
मिट्टी की खुशबू-खुशहाली में, गुजरती मेरी जवानी,
हल की हर हरकत देता है, मेरी हिम्मत को पहचान,
माटी की ममता देती है मुझे, अन्नदाता का स्वाभिमान।

बीज, कोंपल, बेल, बूटी और बाली से, है मेरी खुशहाली
बीजने-बोने, पोषण करने में, मैं मनाता हूँ रोज दीवाली,
सूरज से पहले हूँ जगता, दिनभर की मेहनत से न थकता,
मेहनत, पसीना, फल और फूल पर हूँ विश्वास मैं रखता।

हल की चाल, हिम्मत का बल, हौसला मुझे देता पहचान,
धूप, मेघ, बर्षा और मिटटी, में ही बसती है अपनी जान,
अन्न उगता है इसी धरा से, है जो जीव जगत का आधार,
इस अमृत को धरा पर लाकर, मिलता है आनंद अपार।

लाख कष्ट सहकर भी खुश हूँ, मन में न मेरे है कोई क्लेश,
कांटे, कष्टों से लड़कर भी, आता नहीं मन में कभी द्वेष,
श्रम से मुझे नींद है आती, देकर अपने तन-मन की कुर्बानी,
मेरी किस्मत, मेरी करूणा, बड़ी कर्मठ है मेरी कहानी।


- धर्म चंद धीमान


*****




अब मुझे भूलना है
अब मुझे उसे भूलना है
किसी से अब टूटना है
बहुत सह लिये है अब,
किसी को रूलाना है
लेकिन भूलने से पहले
उनके दिल को जगाना है
भूला जो वो है, हमें
उसे याद तो कराना है
रोया हूँ जो मैं, उसके लिए
ये अहसास उसे कराना है
नफरत उसके दिल से
अपने प्रति पहले मिटाना है
फिर मोहब्बत का बीज बौ कर
उससे दूर मुझे जाना है
तड़प क्या होती है
तब उसे बताना है
खूब तड़पाया है ना मुझे
उसे अब तड़प बतानी है
अब मुझे उसे भूलना है
याद तो, उसे अब हर पल
अपने दिल में लाना है
जैसा करोगे, वैसा मरोगे
यही कहावत, सत्य करना है
चुन्नू कवि ने समझाया
कि बदले की भावना ना रखें
ये ठीक नहीं है लेकिन वो,
माने तब ना! उसे बस,
यही तो है कहना कि,
अब मुझे उसे है भूलना...


- चुन्नू साहा


*****




किसान बदल रहा 

हल और बैल कहीं नजर नहीं आ रहा 
इनकी जगह ट्रैक्टर ले रहा 
सच कहूं तो किसान बदल रहा...

गोबर की जगह रासायनिक खाद ले रहा 
खरपतवार भी इनके सहारे उखाड़ रहा
सच कहूं तो किसान बदल रहा...

फसल बुवाई-कटाई मशीनों से हो रहा 
सिंचाई में भी इनका प्रयोग बढ़ रहा
सच कहूं तो किसान बदल रहा...

खेतों में पैदावार बढ़ रही
क्योंकि किसान उन्नत खेती कर रहा
सच कहूं तो किसान बदल रहा...

फसलों को कीड़ा कम लग रहा 
समय-समय पर छिड़काव जो हो रहा 
सच कहूं तो किसान बदल रहा...

पारम्परिक खेती से भाग रहा
नकदी फसलों को ही उगा रहा
सच कहूं तो किसान बदल रहा...

मंडियों तक आसानी से अनाज पहुंचा रहा
दाम भी शीघ्रता से पा रहा
सच कहूं तो किसान बदल रहा...


- विनोद वर्मा


*****




मुफलिसी में

गायब होते ही धूप के, साथ छोड़ गया अपना साया,
आया दौर मुफलिसी का, अपनों ने भी हाथ छुड़ाया।

खाकर कसमें जो कहते थे, हैं नहीं हम मतलबी,
गुजर गये पास से ऐसे, हों जैसे कोई अजनबी।
लगाई अपनी जिन्दगी, जिनकी जिन्दगी बनाने में,
हैं मशगूल वो हमें भूल, किस्से तरक्की के सुनाने में।

किये थे सजदे हमने, मांगी थी जिनके लिए दुआएं,
चढ़ते ही शोहरती चश्मा, वो गिरगिटी रंग दिखाए।
थकते नहीं थे जो दे-देकर, दोस्ती की अजब मिसालें,
भूल गये सब वो, कृष्ण-सुदामा की बातें करने वाले।

बनाकर उन्हें इज्जत काबिल, खूब दिया ऐशो-आराम,
मेरे मुफलिसी दौर में, हो गये सब क्यूँ नमक हराम।
गुजर जाएगा ये भी, फिर एक दौर नया आएगा,
शतरंजी इस दुनिया में जाने, फिर कौन मात खायेगा।

गायब होते ही धूप के, साथ छोड़ गया साया भी,
आया दौर मुफलिसी का, हाथ छुड़ा गये अपने भी।


- लता कुमारी धीमान


*****




अपनी राह पर चलो

जो इंसान दीप जलाता है,
ज्ञान का सूरज फैलाता है,
उसकी चमक से कुछ जलते हैं,
ताने कसते, शब्द फेंकते हैं।

पर वह मुस्कुराता नहीं,
चुपचाप अपनी राह गढ़ता है,
क्योंकि उसे पता है-
सच्ची सफलता शोर नहीं करती,
बस कर्म की गूंज छोड़ जाती है।

लोगों को चाहिए अपनी चिंता करना,
दूसरों की राह में काँटे न बिखेरना।
हर किसी की ज़िंदगी एक किताब है,
जिसे लिखना उसका अपना हिसाब है।

जो दूसरों पर टिप्पणी करता है,
वह अपनी राह खो देता है।
सच्चा विजेता वही कहलाता है,
जो बिना रुके आगे बढ़ जाता है।


- अंशिता त्रिपाठी


*****




किसी ने क्या ?
कहा ऐसा जिसे न तुम बता पाईं।
घटा न ठीक था सब-कुछ
न जिसको तुम भुला पाईं।

जख्म गहरे दिए उसने
जिसे हंस- हंस के सहती हो।
दिखावा हर्ष का करके
तन्हा में तुम सिसकती हो।

सिसक कर भी सबक क्या ?
तुम उसको सिखा पायीं।
दी जो छूट उसको है
करनी होगी भरपाई।

किया प्रतिरोध पहली बार
तुमने सही में होता।
तन्हा में आज तुमको यूं
सिसकना ही नहीं पड़ता।

तुम्हारा त्याग है भारी
नमन जिसको मैं करता हूं।
नहीं महफूज है नारी
जिसे लेकर मैं डरता हूं।

इबादत जिसकी करती हो
जरा तुम उनको भी देखो।
शस्त्र सज्जा में शामिल हैं
तनिक तुम उनसे भी सीखो।

किये क्यों ? शस्त्र धारण हैं
भामिनी तुम समझ पायीं।
किसी ने क्या ? कहा ऐसा
जिसे न तुम बता पाईं।

सुकोमल नम्रता का भाव
तुमने जग को दिखलाया।
नारी ममता की मूरत है
जिसे तुमने है बतलाया।

उठा कर शस्त्र अपनी शक्ति
उन दुष्टों को दिखला दो।
नहीं असहाय है नारी
शक्ति से तुम बतला दो।

तुम्हीं हो गार्गी
रम्भा मेनका और उर्वशी
स्वयं में हो तुम्ही विदुषी
नही कोई हो झषी।

त्याग दो भय निडरता से
खड़ी होकर के दिखला दो।
शकट निज हिंद की ये है
जिसे दौड़ा के दिखला दो।

बढ़ रहा हिंद आगे क्यों ?
क्या ? वनिता तुम समझ पायीं
किसी ने क्या ?
कहा ऐसा जिसे न तुम बता पाईं।


- करन सिंह 'करुण'


*****




जॅंगल में मॅंगल

जॅंगल में मॅंगल
एक बंदर झोपड़ी के अंदर
दमादम मस्त कलंदर
सबका साथ सबका विकास
अपनी बोतल अपना ग्लास
जाग मछंदर गोरख आया
जिसने खोया उसने पाया
इसकी टोपी उसका सिर
किसका जूता किसका सिर
गली में आज चाॅंद निकला
लालाजी का पाॅंव फिसला
हारे को हरिनाम
जीते को संसद
मैं तो आरती उतारूॅं रे
संतोषी माता की
ढूॅंढो ढूॅंढो रे भीडू ढूॅंढो
टूटी माला टूटी पायल
कौन बचा कौन घायल
हाजी खाये अंडा
पकड़ा जाये पंडा
खेल खत्म पैसा हजम
बोलो चाय डिब्बे में गरम...


- राजकुमार कुम्भज


*****




दोहा

अभिवादन नव वर्ष का, करता है संसार।
गुजर रहा जो साल है, उसका भी आभार।।

सीख गलतियों से सदा, यही धर्म उपदेश।
अपना कर्म सुधारना, देता यह संदेश।।

बीत रहे इस साल का, अंतिम है यह माह।
खुशियाँ हो नववर्ष में, सबके दिल में चाह।।

स्वागत है नववर्ष का, लिखना सुन्दर गीत।
प्रेम भाव मन में पले,आनंदित हों मीत।।

सत्य मार्ग पर सब चलें, करें कार्य हम नेक।
दया भाव मन में पले, कहलाये हम एक।।

ईश्वर से है कामना, निशदिन हो उत्कर्ष ।
खुशियों की बौछार हो, मंगल हो नववर्ष।।


- रिंकी सिंह


*****


22 December 2025

आज की प्रमुख रचनाएँ- 23 दिसंबर 2025





जन्म और जंग

मुनाफाखोर, भ्रष्टाचारी अनाज
के गोदामों में आग लगाते।
गरीबी पेट की आग
बुझा नहीं पाते।

महंगी हुई हर चीज यहां,
क्या दवाई, क्या राशन,
क्या कपड़े या फिर मिठाई।

जो थे किसान पहले, मजदूर बन गए।
जो थे मजदूर अब वो भी
घर की खातिर, घर से दूर हो गए।

कैसे पले बच्चे इनके,
पहले भरे पेट, ये शिक्षा की सोचे,
दवा की जरूर शायद ना हो,
दर्द को ही दवा बनाते हैं।

ये किस्सा नहीं हकीकत है,
जो असहाय चुपचाप आंसू बहाते हैं।
दुनिया से इनको कोई उम्मीद नहीं।
इसने की कोई ताकीद नहीं।

इनका बस जन्म ही हुआ है,
अपना मत देने को।
क्या समाज, क्या देश,
कोई तैयार नहीं इन्हें सहने को।
यह जीने का जंग अनंत है,
जन्म से होती शुरू, और
मृत्यु होती इनकी, हार से
वहीं पर इस जंग का अंत है।


- रोशन कुमार झा


*****


ऐसा लगता है

कभी कभी लगता है कि
तुम्हे शब्दों की माला में पिरोकर
अपनी कविता बना लूँ!
या फ़िर शायरी में शामिल करके,
लिख दूं एक सुहानी ग़ज़ल!
तुम्हें अपने हृदय में बसाकर,
मंत्र की तरह कंठस्थ कर लूँ।
या तुम्हारी भक्ति से परिपूर्ण
किसी भजन की रचना करूँ।
नहीं तो अपनी प्रेरणा बनाकर
तुम्हारी हर मुस्कान पर
एक गीत ही लिख दूँ!
मेरी हर कहानी का किरदार सिर्फ़
तुम पर ही आकर सिमटेगा।
क्योंकि तुम मेरी कल्पना में शामिल
वो सुनहरे अल्फाज़ हो,
समझ लो मेरी ज़िंदगी का संगीत हो
सुर, लय और साज़ हो!
तुम एक खूबसूरत कल्पना हो
तुम ही मेरी आवाज़ हो।
अब कैसे कहूँ तुमसे मैं,
कि तुम मेरे सिर का ताज हो।
तुम जैसे भी हो क़बूल हो मुझे,
तुम सदा मेरे लिए बेहद ख़ास हो।


- आनन्द कुमार


*****


फ़रेबियो पर वक्त जाया न करो
विष को लब से लगाया न करो।

जो दिल तवायफखाना हो गया
टेढ़ी पूंछ में तेल लगाया न करो।

यहां अश्कों से लोग नहाने वाले है
पूरे शहर में पानी बरसाया न करो।

ये सब फकत अंधों का शहर है
आईना यहां पर दिखाया न करो।

अजाब का हल खुद तलाश करो
बहरों के इलाकों मे चिल्लाया न करो।

दरिया खुद ही तैर कर पार करना सीखो
किनारे बैठ कर हाथ पैर हिलाया न करो।

सदानंद कोई जुगनुओं से घर रौशन किया
तो तू चांद तारों से शहर को जगमगाया करो।


- सदानंद गाजीपुरी


*****


बरस जा मेघा

मेघ हैं जो नहीं बरसते,
पर्वत हैं बर्फ को तरसते,
नदियाँ हैं बिन पानी सब प्यासी,
घाटियों में छाई है अजब उदासी,
हैं खेत सब खाली और फसल विहीन,
हरियाली भी हुई है बहुत ग़मगीन,
दिखते हैं उद्यान पड़े सुन्न,सुनसान,
शुष्क ठण्ड से सब, बनें हैं शमशान,
मनुष्य, पशु और पक्षी, हैं सभी परेशान,
धुएं और धुल का है उठा, अंतहीन उफान,
दुआ हर दिल से अब यही उठ रही है,
अब तो बरस जा मेघा,
इंतज़ार की घड़ियाँ, लम्बी खीच रही हैं,
इंतज़ार की घड़ियाँ लम्बी खीच रही हैं।


- धरम चंद धीमान


*****


रात में महकी मिलेगी रातरानी
वादियों में खिल रहे सब फूल होंगे
मोर का नर्तन मिलेगा बाग में
और हर मौसम मेरे अनुकूल होंगे

मेड़ पर फूली मिलेंगी बालियां
देखना पनहर के झूले गांव में
देखना हर घर में एक तुलसी मिलेगी
बैठना तुम पीपलों की छाँव में

और इन नदियों की कलकल देखना तुम
देखना झरने पहाड़ों से झरेंगे
देखना ये आसमां के काले बादल
आँख से काजल तेरा चोरी करेगें

देखना दुनिया लगेगी खूबसूरत
साथ में गर तुम चलो तो घूम लूं।
ग़र इजाजत हो तो माथा चूम लूं
आज संडे है तो थोड़ा झूम लूं।


- विनय आनंद


*****


पेड़ लगाएँ, पेड़ बचाएँ

किसकी है मर्ज़ी कैसा बरपा ये क़हर है
हवा में जानें कितना घुल गया ज़हर है

हो ज़िक्र जिसको फ़िक्र इस मसले में है
घुट रही है श्वांस हर जिंदगी ख़तरे में है

बस्तियाँ सहमी दिखीं खौफ का नजारा है
फूल सब मुरझाने लगे बेबस चमन सारा है

हर गुल गुलज़ार रहें, हो माली की तैयारी
जो भूले याद दिलाना अपनी है जिम्मेदारी

जीवन चुनौती बनीं विषम पहेली मिलकर सब सुलझाएं
पेड़ लगाये पेड़ बचाये यह सन्देश जन-जन तक पहुंचाएं

पेड़ लगाएँ, पेड़ बचाएँ... पेड़ लगाएँ, पेड़ बचाएँ....


- नरेन्द्र सोनकर बरेली


*****


हिंदुस्तान की जान अरावली

जिंदगी में इतनी आपाधापी हो गई,
खड़ी-खड़ी अरावली अपराधी हो गई।

वर्षों के सारे रिश्ते शर्मसार हो गए,
अरावली के सीने आर पार हो गए।

सरकार को इतना अधिक प्यार हो गया,
कि अरावली का खड़ा होना दुश्वार हो गया।

राजस्थान की शान हिंदुस्तान की जान,
अब तो खत्म हुआ तेरा अभिमान।

हर किसी को एक दिन नेस्तनाबूद होना है,
न चाहते हुए भी अरावली होना है।

आएगा एक दिन पूरा देश इसकी जद में,
सरकार करो ना ऐसा फैसला खून खराबा हो।


- मनोज कौशल


*****


परदे सब हट गए

ये जो एक कोमल-सा क़िस्सा है
उसमें सचमुच थोड़ा-थोड़ा मेरा भी हिस्सा है

जिस तरह चुप हैं सब, चुप हूँ मैं भी
जिस तरह देख रहे हैं सब, देख रहा हूँ मैं भी

जिस तरह डर रहे हैं सब,डर रहा हूँ मैं भी
देख-देख हत्यारों के हाथों में धर्मग्रंथ

नाच जो हो रहा है, हो रहा है सड़कों पर ही
परदे सब हट गए या हटा दिए गए हैं

पत्ता-पत्ता हाॅंफ रहा है,काॅंप रहा है
और यक़ीनन मैं भी।


- राजकुमार कुम्भज


*****


जीवन-नदिया

लाख भँवर 
जीवन- नदिया के
पर्ण-सी है जिंदगी 
उबर जाएगी
लाख लहरें समाज की
करवट बदल- बदल
डूबोने की करें
कोशिशें
हौंसलों से अपने
उबर जाएगी।
यूँ भी 
कब जिंदगी
इक धार में बहती है
कभी 
मंद-मंद खामोश
सफर तै करती
कभी अपनी ही
साँसों से
झगड़ती है
मगर...
हर बार डूब कर
उभर ही जाती है।
छोड़ आएगी 
नक्श अपनी करनियों
के
पानियों पर भी 
कहानी लिख जाएगी
जिस राह से
गुजरेगी 
ये पर्ण-सी जिंदगी
आँधियों से लिपट
तुफानों से
भिड़ जाएगी
पर्ण-सी जिंदगी ही सही
अपनी राह खुद
बनाएगी।


                            - डॉ. नीलम


*****



मुफलिसी में

गायब होते ही धूप के, साथ छोड़ गया अपना साया,
आया दौर मुफलिसी का, अपनों ने भी हाथ छुड़ाया।

खाकर कसमें जो कहते थे, हैं नहीं हम मतलबी,
गुजर गये पास से ऐसे, हों जैसे कोई अजनबी।
लगाई अपनी जिन्दगी, जिनकी जिन्दगी बनाने में,
हैं मशगूल वो हमें भूल, किस्से तरक्की के सुनाने में।

किये थे सजदे हमने, मांगी थी जिनके लिए दुआएं,
चढ़ते ही शोहरती चश्मा, वो गिरगिटी रंग दिखाए।
थकते नहीं थे जो दे-देकर, दोस्ती की अजब मिसालें,
भूल गये सब वो, कृष्ण-सुदामा की बातें करने वाले।

बनाकर उन्हें इज्जत काबिल, खूब दिया ऐशो-आराम,
मेरे मुफलिसी दौर में, हो गये सब क्यूँ नमक हराम।
गुजर जाएगा ये भी, फिर एक दौर नया आएगा,
शतरंजी इस दुनिया में जाने, फिर कौन मात खायेगा।

गायब होते ही धूप के, साथ छोड़ गया साया भी,
आया दौर मुफलिसी का, हाथ छुड़ा गये अपने भी।


- लता कुमारी धीमान


*****


मोह

मोह भ्रम है पालता
खोने का डर है दिखाता।

हर वक्त करीब करीब रहते
कहीं खो न जाए बस यही है कहते।

सबसे दूर हो जाते
पर मन की चाह पर काबू नहीं पाते।

डरावना सा मुहाल बना रहता 
दूरी बढ़े तो खोने का डर है लगता।

जिसकी चाह मन में पालते 
बस उसी के साथ की तमन्ना जताते।

विवेक बस में नहीं हो पाता 
वही दुःख का कारण बन जाता।

मन स्वार्थ से भरा होता 
फिर क्या चिंता और बेचैनी ही पाता।

मोह जहां जहां है पलता 
वहीं गलतफहमियों का जन्म है होता।

इस जाल से बाहर जो है निकलता 
उसका जीवन ख़ुशी ख़ुशी है बीतता।


- विनोद वर्मा


*****


हां, मैं औरत हूं…

हां, मैं औरत हूं,
जो खुद के बारे में नहीं सोचती,
हर किसी की ख्वाहिशें पूरी करना
जिसका मकसद बन गया है।
मां बनकर, बहन बनकर, बेटी बनकर,
सबके हिस्से के फ़र्ज़ निभाती हूं,
पर मेरी कौन सुनता है,
ये सवाल अक्सर खामोश रह जाता है।
दर्द मुझे भी होता है,
पर इसकी परवाह कौन करता है?
पूरे घर के लिए जीती हूं मैं,
बीमार पड़ जाऊं तो भी
मेरा हाल कोई नहीं समझता है।
हां, मैं औरत हूं,
ऑफिस जाकर काम करना मेरी मजबूरी है,
घर संभालना मेरी जिम्मेदारी है,
सबका ख्याल रखना
मेरा कर्तव्य मान लिया गया है।
पर मेरे बारे में कोई ना सोचे-
ये सबकी आदत बन चुकी है।
हां, मैं औरत हूं,
दिन-रात की परवाह किए बिना
सबको खुश करने में लगी रहती हूं,
हर रिश्ता मुझे ही निभाना है,
क्योंकि…
मैं औरत हूं।


- गरिमा लखनवी


*****






19 December 2025

आज की प्रमुख रचनाएँ- 20 दिसंबर 2025




*****






जहाँ मौन भी लड़ता है!
चेतन- अवचेतन

बाहर मौन, भीतर रण छाया,
अनदेखा युद्ध निरंतर आया।
न शस्त्र, न शंख, न ध्वज, न तीर,
फिर भी जीवन घायल गभीर।

चेतन बोले- आगे बढ़ना,
नव पथ चुनना, भय को छोड़ना।
अवचेतन चुप, पर दृढ़ खड़ा,
कहे- पुराना दर्द बड़ा।

तर्क कहे- अब खतरा नहीं,
भाव कहे- यह राह सही नहीं।
एक खींचे कल, एक आज पुकारे,
मन दो धाराओं में बिखरारे।

अवचेतन दोषी नहीं यहाँ,
वह तो रक्षक है, बूढ़ा सा।
सुरक्षा माँगे, शांति चाहता,
जीवन को जोखिम से बचाता।

जब चेतन ने आदेश त्यागे,
और संवाद के दीप जगाए,
तब डर पिघला, मौन खुला,
भीतर का युद्ध शांति में ढला।

जो इससे भागा, स्वयं से हारा,
जो समझा, उसने राज सँवारा।
बाहर जीतना सरल कार्य,
भीतर मिलना-यही आधार।


- नरेंद्र मंघनानी


*****




मन ही मन 
से जुड़ गया था

न जाने कैसा 
रिश्ता था
मन ही मन से जुड़ 
गया था
मन ने तो चाहा एकाकी
रहना था
पर उसके चेहरे ने
ही ना जाने
क्या कहा था
मन अपने ही वश में
फिर कहाँ रहा था।

थी खामोश नदी
की धारा
चाँद भी चुपचाप
बादलों में
जा छुपा था
हवाएँ चुपचाप जुल्फों
को सहलाने लगीं
रोम-रोम में फैली
सिहरन
मन के भेद लगी
खोलने
प्यार की मीठी 
अगन में जलते
मन ही मन से जुड़
गया था।

ना जाने कैसे आँख
के झरोखों के
पलक-पर्दा हिला था
दो मंत्रमुग्ध नयनों
से मिलन हुआ था
हड़बड़ाकर हया ने
अवगुण्ठन डाल लिया
पर रक्ताभ चेहरे
पर लिखा
प्यार का इजहार 
साया हो गया था
मन ही मन से 
जुड़ गया था।

धड़कनें बदहवास
सीने से
निकलने को
बेकरार
साँसों में शर्म का
फेरा था
लबों की खामोशी
ने ना जाने
क्या बोला था
खामोशियों ने जज्बातों
को खोला था
लरजता हाथ हाथ से क
क्या मिला 
दो बदन जुदा मगर...
मन ही मन से जुड़
गया था।


                                    - डॉ. नीलम


*****





नशीली नींद

नशे के खिलाफ अब ये हुंकार काबिले तारीफ है,
नशा नाश है जीवन का इसको मिटाना जरूरी है।

ये हुंकार नशे के खिलाफ जंग में एक वार है,
इस जंग में हर इंसान का शामिल होना जरूरी है।

नशे का हाथ पड़ गया है आज हर गिरेबान पर,
गिरेबान तक पहुंचे हाथ को तोड़ना जरूरी है।

कितने परिवार नष्ट हो गए इसकी मार से,
उनके जख्मों पर मरहम लगाना जरूरी है।

चाहते हैं अगर मेरे देश का युवा रहे तंदुरुस्त,
तो इस नशे का नाश हर हाल में जरूरी है।

इस तरह की चोट जो इस नशे के खिलाफ हुई है,
वक्त से नशे पर ऐसी चोट पड़ना बेहद जरूरी है।

आज जगाया आपने सबको नशे के खिलाफ,
इस नशीली नींद से सब का जागना जरूरी है।


- राज कुमार कौंडल


*****




जलन

जो बराबरी नहीं कर सकते 
वो बदनामी आसानी से कर लेते।
घुट घुट कर बातें हैं करते 
दूसरे के जीवन कौशल से है जलते।
एक पल बेकार नहीं जाने देते 
सफलता की  सीढ़ी चढ़ने
वालों पर तंज भी है कसते।
जलन तो बड़ी है करते
पर इसके अलावा कुछ नहीं कर सकते।
ये इंसान के अवगुण है होते
जो आसानी से नहीं है छुपते।
लाख कोशिश जलन छुपाने को करते
पर कहीं न कहीं उसके अवशेष रह जाते।
रंजिश की जगह रीस करना अगर सिखते
तो दुनिया की भीड़ में वो पीछे नहीं दिखते।
गर बराबरी नहीं कर सकते
उनके जीवन के सफल तरीकों को तो हर लेते।
दोस्तो जीवन सफल वही है बनाते
जो दिन रात मेहनत करने में ही बिताते।
मेहनत करने की आदत जो नहीं है पालते
"विनोद" दूसरों के सुख की
पीड़ा से वही है कहराते।


- विनोद वर्मा


*****






तुमने क्या रख दिया है यहां घोल कर?
यहां परिंदे नहीं आ रहे हैं चल कर।

इतना खौफजदा मंजर कर दिया है यहां
की अब कफस में भी जी रहे हैं डर कर ।

सितमगर के ताप से चमन सुख गया है;
माली फलक देख रहा है अंशु भर कर।

जहां हरियाली है, रुख है घटाओ का
दरार है नहीं देखा है वहां से गुजर कर।

पत्थर भी खूब आजमाइश कर रह हैं ;
चेहरा देखा नहीं कभी आईना बदल कर ।

लबों पर पपड़ी पड़ गया खामोशियों से;
कभी शबनम नही देखा है ठहर कर।

दयार में इतने धुंध छाए है” सदानंद” की;
कभी सुहाना रुत नहीं देख है निकल कर।


- सदानंद गाजीपुरी


*****




ये दोस्ती

विश्वास, प्रेम बढ़ाती, करा देती दिलों का मेल,
खूबियों को निखारती, खामियों को जाती झेल,
जिन्दगी की कठिन राहों पर, है साथ निभाती,
बुरे वक्त में ढाल बने जो, वही दोस्ती कहलाती।

एक-दूजे का मान है होता, डिगता नहीं ईमान,
भाव निस्वार्थ जगता, रिश्ता बन जाता है शान,
निराशा के बादल छाते तो, है हौंसला ये पोषती,
जीवन पथ जो संवारती, वही कहलाती दोस्ती।

हाथ थाम ले मुसीबत में, रोते को भी जो हँसाए,
सूनी जीवन बगिया में, बहार ख़ुशी की ले आए,
गिरते की हिम्मत बंधाती, कभी न उसे कोसती,
भटके को राह दिखलाती, वही कहलाती दोस्ती।

बिन कहे ,बिन देखे ही, जो मनोभाव पढ़ जाए,
कैसे भी हालात हो फिर, हर पल साथ निभाए,
आत्मविश्वास का दीप जलाती, मन नहीं मसोसती,
टूटती आस जिन्दा कर दे, वही कहलाती दोस्ती।


- लता कुमारी धीमान


*****




मांडवी बोल उठी

जनकनंदिनी सीता कहलायी,
उर्मिला की साधना भी गायी,
पर मेरे हिस्से मौन रहा
मैं थी, मैं हूँ, पर कहीं न बतायी।

भरत का संग था संकल्प,
उनका वनवास मेरा भी तप,
मैंने भी रत्नजटित सुख त्यागे,
पर मेरे व्रत पर न श्रवण हुआ,
न कोई कथानक रचा गया।

राजमहल का हर कोना पूछे
क्या प्रेम की परिभाषा मैं नहीं?
क्या मेरी प्रतीक्षा अनाम रही,
क्या स्त्री वही, जो सीता कही?

उर्मिला ने लक्ष्मण को समझा,
विरह में भी स्नेह बरसाया,
मैंने भी हर क्षण भरत की पूजा,
पर मेरी पीर को शब्द न पाया।

ना चित्रकूट गई, ना वन-पथ अपनाया,
पर मन ने बनवास स्वयं ओढ़ लिया,
हर दीप, हर पूजा में उनका नाम जपा
क्या यही कम था, जो मैंने किया?

शब्दों की सीमाएँ मेरी कथा चुराती रहीं,
इतिहास की दृष्टि मुझे अनदेखा करती रही,
पर एक स्त्री जानती है दूसरी का मौन
वही मौन अब बना मेरा स्वर, मेरी पहचान।


- सविता सिंह मीरा


*****




ऐसा गांव

वो भी क्या दिन थे जब हम ऐसे गांव में थे रहते
जहां रिश्ता लगा कर थे सब को बुलाते
कोई बंदिश नहीं होती थी ऐसा था ज़माना
बेरोक टोक एक दूसरे के घर थे आते जाते

छोटे थे जब पड़ोसी के घर थे खाना खाते
भरी दोपहरी में कई बार वहीं थे सो जाते
टाट पर बैठते थे स्कूल में कलम दवात के साथ
दोपहर को धोते थे पट्टी धूप में थे सुखाते

त्योहार के दिन हर घर में बनते थे पकवान
घर में रौनक होती थी आते थे बहुत मेहमान
पड़ोसियों के घर भी दे आते थे अपने घर का बना
पड़ोसी भी दे जाते थे खाने का बहुत सामान

फसल बीजने से लेकर कटने तक करते थे मिलकर काम
पीछे न रह जाये कोई रखते थे एक दूसरे का ध्यान
बैलों की घण्टियों से गूंज उठते थे खेत खलिहान
आगे बैल पीछे हाली खुशी से झूमते गाते थे किसान

बिजली तो थी नहीं लैंप की रोशनी में होती थी पढ़ा
शक्कर बांटी थी जब पहली बार बिजली थी आई
पानी घड़ों में लाना पड़ता था दूर बौड़ी और कुएं से
गर्मियों में बौड़ी पर पानी के लिए हो जाती थी लड़ाई

बसंत में झूले में झूलने को लगती थी कतारें
दधोनु में जब कढ़ता था दूध बनती थी मोटी मलाई
दधोनु के नीचे लगा जला दूध होता था बहुत स्वादिष्ट
उसे खाने के लिए बच्चों में हो जाती थी लड़ाई

घरेलू पशुओं के रखे होते थे प्यार के नाम
बुलाते थे जब उनको नाम से तो खड़े हो जाते थे कान
प्यार से तो जीती जा सकती है दुनियां भी
आदमी मतलबी प्यार से जानवर भी बन जाते हैं गुलाम

कितने भोले होते थे लोग कितने भोली उनकी बातें
ऊन के कम्बल में गुजरती थी वह जाड़े की शरद रातें
सुख दुख में होता था सारा गांव एक साथ
रिश्तेदार बहुत आते थे अक्सर होती थी मुलाकातें


- रवींद्र कुमार शर्मा


*****




मेरी परिभाषा

मैं तो अनंत हूँ आकाश की तरह,
मेरा छोर पाना इतना आसां नहीं,
यहाँ से वहाँ तक मैं ही व्याप्त हूँ,
सारे हल है विवेक में कोई सवाल नहीं,
हार जाते है सारे विषय मेरे तक आकर,
प्रलोभन मात्र भी नहीं,
सकारात्मक ऊर्जा स्वभाव से हूँ,
किसी मुकाम की तलाश नहीं,
अपूर्ण में भी मैं सम्पूर्ण हूँ,
आश्रित नहीं,आसक्त नहीं,
विषय भोग से विरक्त हूँ ,
इक स्वतंत्र सामराज्य हूँ,
स्पष्ट ज्ञान की परिभाषा हूँ,
स्वयं में परम आन्नदित हूँ,
अनादिकाल से शाश्वत हूँ,
अंश हूँ परमाणु का, कण का,
तने का, वृक्ष का,
चेतना का, बह्म का,
संस्कार का, संस्कृति का,
पाश्चात्य में रहकर,
भारत की जन्मभूमि में,
अंशिता का 'अंश' हूँ।


- अंशिता त्रिपाठी


*****




व्यभिचार कभी सदाचार का
रूप नहीं ले सकता,
निकृष्ट, घिनौनी सोच व्यक्ति की
दुष्कर्म की पशुतुल्य भावना
हैवानियत पर उतर जाता है कैसे मानव ?
पलभर में, कोई सोच भी नहीं सकता
व्यभिचार कभी सदाचार का
रूप नहीं ले सकता...
कैसे खो देता है, आत्म संयम अपना
पल भर में मानव,
कोई सोच भी नहीं सकता,
कदम उठाने से पहले अपने परिवार
माता, बहन और बेटियों की ओर
देखता क्यों नहीं ?
क्षणिक प्यार की अनुभूति पाने के लिए
कैसे हवस शान्त करने के लिए ?
हैवानियत पर उतर जाता मानव
कोई सोच भी नहीं सकता ?
व्यभिचार कभी सदाचार का
रूप नहीं ले सकता...
कदम उठाने से पहले अपने गिरेबान में
कोई झांकता क्यों नहीं ?
कुकर्म, दुष्कर्म करने पहले अंजाम
पर तनिक सोचता क्यों नहीं ?
रहना तो उसी समाज पड़ता है
फिर भी उसके प्रभाव को
अपनी आंखों से अनुभव करता क्यों नहीं ?
इस जटिल और जवलंत मुद्दे पर
हम अपनी लेखनी से बेवाक चिन्तन और चर्चा
कर समाज को जागरूक करते क्यों नहीं ?
क्या आपको नहीं लगता कि इस तरह के
मुद्दे पर हमें संजीदगी से लेखनी चलानी चाहिए,
समाज में रहते हुए क्या सभी को जागरूक नहीं
करना चाहिए ?
हैवानियत को कैसे रोक पाए?
कोई सोचता क्यों नहीं ?
जड़ से कैसे मिटाएं इस जघन्य अपराध को ?
क्या कोई सोच भी नहीं सकता ?
समाधान कैसे हो इस समस्या का ?
निदान इसका बता नहीं सकता
व्यभिचार कभी सदाचार का
रूप नहीं ले सकता...

- बाबू राम धीमान



*****




सच्चा आनंद
करो निरंतर स्वाध्याय
रहो नित्य योग- प्राणायाम में संलग्न
परोपकार का तुम्हारे ह्रदय में भाव हो
महापुरुषों का करो नित्य सत्संग
हे मानव ! ईश्वर का सुमिरन भी
तुम भूल न जाना
अगर सच्चा आनंद जीवन में पाना है
वर्तमान में जीना तुम
प्रकृति से जुड़े रहना तुम
जीवन में सदैव रहना कृतज्ञ तुम
सकारात्मक सोच से जीवन जीना तुम
अगर सच्चा आनंद जीवन में पाना है
अपना कर्तव्य सदैव करना होगा
सन्मार्ग पर चलना होगा
दान-तप कर स्वयं को करो निष्पाप
निरंतर भजन- कीर्तन से
प्राप्त होगा आत्म साक्षात्कार
पवित्र -पावन आत्मज्ञान का होगा प्रादुर्भाव
मोक्ष का दिव्य स्वप्न होगा साकार
जो है अनंत,चिरस्थायी आनंद का आधार


- प्रवीण कुमार


*****




वो लड़की

ओझल हुए कुछ सपनों में
नई उम्मीदें डाल रही है
वो लड़की हमें पहचान रही है।
अपने प्रेम का इजहार वो कुछ यूं करती है
वो मेरे लिए ही मुझसे लड़ती है।
उसको कोई दिक्कत नहीं है जमाने से
दिक्कत है तो वो हमारे ना मुस्कुराने से
हिलोरे लेते नदी रूपी इस जीवन में
संयम और विश्वास का पुल बांध रही है
वो लड़की हमें...
उसकी उम्मीदें जैसे पूरा आसमान है
सपनों में उसके हमारे प्रेम की उड़ान है
आजकल माधव से वो
सिर्फ हमारी मुस्कान मांग रही है
वो लड़की हमें पहचान रही है।


- आकाश आरसी शर्मा


*****





लाडली

क्या कुसूर ऐ मेरे यार ?
क्या हुआ ऐ तुझे संसार ?
क्या है नहीं बचा अब इंसा ?
क्या बंद नहीं होगी अब हिंसा ?

क्या कातिल पकड़ा जाएगा ?
क्या जिन्दा ओ बच जाएगा ?
क्या सुनाई देती ओ चित्कार ?
क्या रुक पाएगा बलात्कार ?

क्यों दरिंदगी अब बढ़ रही ?
क्यों इंसानियत अब मर रही ?
क्यों लुटती आज जिंदगी ?
क्यों इंसानियत होती शर्मिंदगी ?

क्यों हुआ ये हल्ला है ?
क्यों डरा ये मुहल्ला है ?
क्यों उठी ये लहर है ?
क्यों लगी ये नज़र है ?

कारण किस आवाज ये उठती ?
कारण किस कलम ये रूकती ?
कारण किस चुप रहती जनता ?
कारण किस रोती माँ की ममता ?

कारण किस गिरती मानवता ?
कारण किस मीटती डॉ मौमिता ?
कारण किस जलती मोमबत्ती ?
कारण किस चुप रहती लालबती ?

कैसे कहुँ तू बेफिक्र रह...
कैसे कहुँ तू सब्र कर।
कैसे कहुँ तू सब जानती...
कैसे कहुँ तू है लाडली।

होश मे आओ शर्म करो...
तेरी भी है लाडली रहम करो।
मानव हो दानव ना बनो...
शपथ लो मानव ही बनो।


- राघवेंद्र प्रकाश 'रघु'


*****



अन्नदाता

देखो कौन है,
जो इस ठंड में अकड़ा है,
तन पर नहीं, कोई कपड़ा है।

ठीक ही जाना वही है,
हमारा अन्नदाता।
दूर बस्ती के किनारे
एक टूटा सा झोपड़ा है।

खेतों में बहाते अपना पसीना,
हल और बैल ही इनके साथी।

इन्हीं के साथ इनका जीना
और मरना।

जरूरत इनकी शायद,
ही होती कभी पूरी।
कभी खाए आधी पेट,
कभी की रखीवली,
रही नींद भी अधूरी।

क्या यही विधान है,
जो भरे पेट सभी का,
पेट खाली वो सोता है।

बोए खेतों में हरियाली,
जीवन की राह
उसका कांटों भरा होता है।

कभी बहुत मेघ बरसते,
कभी वो बारिश को तरसते।
कभी टिड्डिया करती उनका नुकसान।

हाय, पग पग लेती कुदरत
उनका इंतहान।

फिर भी खुश रहता हर हाल में वो,
मेहनत से जी ना चुराता।
जाने किस मिट्टी का बना होता,
जो हमारा होता अन्नदाता।

हाँ, वही जो ना बदला सदियों से,
जिन्हें कहते हम किसान।


- रोशन कुमार झा


*****




आलोचना

आलोचना है नहीं घबराना
न कभी आलोचना से डरना
लोगों का काम ही है आलोचना करना
भले तुम अच्छा काम करो ना
उसमें भी, उसे है खोट निकालना
कि उसे है आलोचना करना
ऐसे लोगों से हरेक जगह होता है मिलना
लक्ष्य प्राप्ति की राह में रोड़े अटकाना
इसका तो बस, काम यही है करना
किसी भी प्रकार से बदनाम कराना
लेकिन, धैर्यवान व्यक्ति,
तुम्हें है सर्तक रहना
फूंक-फूंक कर राह में कदम रखना
एक तरह से, ये जो व्यक्ति,
जिसका काम है आलोचना करना
तेरे गलत, कार्य होते हो,
यदि तो सावधान कराना
इसे तुम कभी नजरंदाज ना करना
सदैव अपने आस-पास इसे रखना
इसे ही देख तुम्हें, निज लक्ष्य को है साधना
लक्ष्य प्राप्ति को तरह-तरह की बुद्धि है अपनाना
चुन्नू कवि की भी हुई है खूब आलोचना
अतः फर्ज समझा, सबको बताना।


- चुन्नू साहा


*****




गलन बढ़ी, कोहरा कोहराम मचाये,
सुरुज छिपा बदरी मा,
काकी कउड़ा आँचे, काका कमरी ओढ़े,
लरिकन परे कथरी मा।
छीना झपटी मा रजाई बनी बैठी हरजाई बा,
पानी कै पानी उतरी बनी पूस कई जमाई बा।
इधर जाड़ा पाला, उधर रोज़हन के पड़ा पाला बा,
जात जात साल अइसन सालत अहइ,
उ का समझे जेकरे पास दुशाला बा।
जे बात बात पे गरमात रहे उहउ अकड़ा अहै,
निकुरा शारदा नहर भई, कान कंटोप से जकड़ा अहै।
गोरु चौउआ चउफेरी गिनगीनात अहेन,
कइसे कटी इ जाड़ा पाला बहुतइ
मुश्किल लखाट अहेन।
अलाव अलमस्त जलइ परधान जी के चउखटे मा।
चुनाऊ नियरान अहै जनता बटी बटे मा।
हाड़त काँपत नाना नानी का नाम
खोजी रहे वोटर लिस्ट दुइ हजार तीन मा,
केउ कहइ जाइ ससुर नाम कटि जाइ जब सब खेल बा मशीन मा।
सब प्रत्याशिन ओढ़ी के साल मचिया तोरी रहे साँझ सवेरे,
वोट कई गुणा भाग मा लगाई रहे फेरे पर फेरे।
इ जाड़ा पाला जाने कवन गुल खिलाये
अबकी, इहै सोचि सोचि रजाई में न आवई झपकी।
ठंडी कै मौसम देखि कुछ तौ अबहिन
बांटि रहे दारू, हमसे का पड़ी बा भले
लरिकन के दाँत लड़ई, चाहे लड़ई मनसेधु मेहरारू।
चबाई चबाई पान पारस, शुद्ध प्लस, दिलबाग, रजनीगंधा,
विकास इ जाड़ा पाला मा सब छोड़ऊ
चलऊ देखउ सब आपन आपन काम धंधा।


- राधेश विकास


*****




धौलाधार है सूनी

दिसम्बर आया, ठण्ड भी लाया,
पर धौलाधार है अब भी सूनी।
नंगे है पर्वत, सफ़ेद चादर बिन,
प्रकृति ने जाने, कौन राह है चुनी।

है सन्नाटा धर्मशाला में पसरा,
छत्त पर न टप-टप बारिश की धुन।
मंडराते, बिन बरसे छिटकते बादल,
बदल गया है क्यूँ ये ऋतु मन ?

हिम की आस में टिकी निगाहें,
बच्चे ,बूढ़े और किसानों की है चाह।
बरसें बूँदें और आए बर्फ बन-बन फाए,
हैं हैरान सब, जरूर कुछ तो है गुनाह।

हे अम्बर ,बरस जाओ अब तो तुम,
कर दो धौलाधार का श्रृंगार।
बरस-बरस अपने ऋतु कणों का,
सूखी सुस्त धरा को दे दो उपहार।


- धरम चंद धीमान


*****




पत्नी की खूबसूरती

किसी भी विवाहित
सुंदर स्त्री की खूबसूरती
जो बनाती है उसे
सौंदर्य की प्रतिमूर्ति
उसकी वह मंद मंद
मुस्कुराहट...
मानो वसंत की
हो सुमधुर आहट
सुंदर मुख की वह
खिलखिलाती हंसी
देख उसके ललाट की
वह मनमोहक छवि
लोगों का यह कहना
लगती नहीं हो
कि इतनी उम्र
की हो तुम...
और दो बच्चों की
मां भी हो तुम ..
तो बताते हैं आज
इस खूबसूरती और
खिलखिलाती...
हंसी का राज़
यह सब उसी से
मुकम्मल है
जो है उसका
हमसफर, हमराज़
जिसने रखा है
उसे रानी की तरह...
पहनाकर सुखों का ताज
खुद बाहर धूप में जाकर
जो कमाता है खूब...
ताकि हर सुख, सुविधा
में रहे उसका महबूब
खुद कम पैसों में
कर गुज़ारा...
सर्वस्व समर्पण करे
वह अपना धन सारा
यह सब उसी का ही
खूब नतीज़ा है
खुशियों से भरा...
तभी उसका बगीचा है
हर खुशी कर देता
वह उसे कुर्बान
ताकि हर पल...
खुश रहे उसकी जान
हर खूबसूरत...
महिला का सौंदर्य
उसके पति की ही
बदौलत है...
क्योंकि उसका सारा जहां
उसकी सारी खुशियां
उसकी खूबसूरत
पत्नी ही उसकी
असली दौलत है
हर खूबसूरत...
विवाहित महिला
का सुंदर चेहरा
यूं ही नहीं है खिला
उसे पति परमेश्वर
का भरपूर है
स्नेह मिला...


- वसुंधरा धर्माणी


*****





हम आदमी, तुम लोग हो गए।

सबको बनाकर मैं बना कुछ कम बना तो क्या हुआ,
सबको मिटाकर तुम बने ज़्यादा बने तो क्या हुआ।

मेहनत मेरी मिट्टी हुई, तुमने उसी पर ताज रखा,
मैंने पसीना बहा दिया, तुमने उसे ही राज रखा।

कल का हिसाब किताब जब समय स्वयं लिखेगा,
पूछेगा किसने क्या रचा, किसने क्या सिर्फ छीना।

जो बचा गया मनुष्यता, वही तो असली जीत है,
राजमहल हो या खँडहर, अंत में सब मीत है।

मैं हारकर भी सीख लूँ, तुम जीतकर भी खो गए,
फर्क बस इतना-सा रहा- हम आदमी, तुम लोग हो गए।

नाम तुम्हारे शोर बने, काम मेरे संस्कार बने,
भीड़ तुम्हारे साथ चली, सच मेरे हथियार बने।

अंत समय जब आईना, सबको सच दिखलाएगा,
कम होकर भी जो मनुष्य रहा, वही बड़ा कहलाएगा।


- डॉ सत्यवान सौरभ


*****





जी राम जी
कांई ?
जी राम जी
सवा सौ दिन री
काम री गारंटी
जी राम जी
साठ दिन
काम नीं करण री गारंटी!
जी राम जी
कैड़ा अधिकार,
कैड़ी गारंटी?
बदळग्या नियम अर कायदा!
बात मजदूर री,
पण किण रा फायदा!
जी राम जी
नित नियम बदळै है
कुदरत री चाल बदळै है
अरावळी री परिभास बदळदी
एक पेड़ मां रै नांव
सगळो जंगळ कार्पोरेट रै नांव
जी राम जी
मंशा मायं उपजे शंका!
प्रकृति ने बचावणो होसी
जल जंगल जमीन री खातिर
उल गुलान रो
इंकलाब जगाणो होसी
जी राम जी
कार्ल मार्क्स ने समझणो होसी
पूंजीवाद रा खतरा भांपणा पड़सी!
जी राम जी
नाम ढ़िढ़ोरा पिटण सूं
पेली काम री अलख जगाणी पड़सी!
जी राम जी
आखै मिनख!
मंहगाई री
चाबुक नित झैले है!
उज्ज्वळा हज़ारा पार उजळै है
जी राम जी
हवाई चप्पल रै
मिनख रा हवाई जातरा रा
सुपना मटियामेळ हुया!
जी राम जी
चांदी री चमक
दो लाखी हुई!
सोना री सुई मुघी हुई!
जी राम जी
लाइफटाइम वैलेडिटी री
सिम रा रिचार्ज मंहगा हुया
पूरी दुनिया मायं
तीस दिन रो महिनों हुवे
टेलिकॉम तो अठ्ठाइस दिन रो
महिनों बणावे!
जी राम जी
शिक्षा चिकित्सा रोजगार
सबरा हाल बेहाल है
जी राम जी
रिपियां रा हाल थे जाणों हो
नित उठ लुढ़कें है
जी राम जी
डीजल पैट्रोल
आंख दिखावें है
जी राम जी
कै बतावा
काम री मैदा कोनी,
रिपियां री पैदा कोनी
जी राम जी।


- जितेंद्र बोयल


*****




दर्द अपने जहाँ को दिखाया न कर,
राज दिल के सभी को बताया न कर।

जानते हैं ख़ता आज हमसे हुई,
दे सजा जो कहे दिल तु छोटा न कर।

देखते हैं सभी लोग श्रृंगार को,
भाव मन के सभी को जताया न कर।

आस की ज्योति दिल में जलाया तु कर,
दीप मन के जलाकर बुझाया न कर।

छा गया कोहरा आ गयी रात है,
अंधियारी गली में तु जाया न कर।

बस्तियाँ खौफ से निर्जन हुई,
घूमते आ गए अरि डराया ना कर।


- डॉ. अनुराधा प्रियदर्शिनी


*****




बेक़द्र

बेक़द्रों के हाथ अगर चाँद भी लग जाए,
वो उसको भी ग्रहण लगाने का हुनर रखते हैं।
दीये जलें तो हवा को दोषी ठहराते हैं,
ख़ुद अँधेरे पालने की पूरी क़सम रखते हैं।

फूलों को रौंदकर कहते हैं- मौसम ख़राब है,
आईने तोड़कर चेहरे से नज़र चुराते हैं।
जहाँ उजाला सच बोलने लगता है ज़रा सा,
वहीं ये लोग साज़िशों के बादल बरसाते हैं।

सूरज को भी तौलते हैं अपनी छाया से,
सच की ऊँचाई उन्हें अक्सर चुभती है।
जो स्वयं भीतर से खोखले हों साहब,
उन्हें हर चमकती चीज़ ही झूठी लगती है।

इतिहास गवाह है- रात ज़्यादा टिकती नहीं,
ग्रहण भी स्थायी नहीं होते ज़माने में।
चाँद फिर निकल आता है पूरी आभा संग,
और बेक़द्र रह जाते हैं अपने बहाने में।


- डॉ. प्रियंका सौरभ



*****